हजारों साधु संतों ने दिग्विजय सिंह का समर्थन किया

भोपाल । राजधानी भोपाल में प्रदेश भर से आए हजारों साधु संतों ने धूनी रमाई जप यज्ञ के बाद सभी ने दिग्विजय सिंह को जीत का आशीर्वाद दिया। कंप्यूटर बाबा ने आज सैफिया कॉलेज ग्राउंड में संत समागम किया। समागम में दिग्विजय सिंह एवं उनकी पत्नी अमृता सिंह भी पहुंची। कंप्यूटर बाबा ने पूर्ववर्ती भाजपा की शिवराज सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके शासन में नर्मदा की छाती छलनी कर रेत उत्खनन किया गया और शिवराज सरकार ने इसलिए कार्रवाई नहीं की क्योंकि शिवराज का परिवार भी रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त है।
कंप्यूटर बाबा ने कहा कि मोदी सरकार 5 साल में भी राम मंदिर नहीं बनवा सकी। साधु-संतो ने कहा कि राम मंदिर नहीं तो मोदी नहीं। साधु-संतों ने कहा कि दिग्विजय सिंह हिंदू हैं, एक हिंदू के धर्म पर सवाल करना अनुचित है। भाजपा राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए दिग्विजय सिंह के हिंदू होने पर सवालिया निशान लगा रही है। उन्होंने दिग्विजय को सनातनी हिंदू निरूपित करते हुए कहा कि वे हर धर्म का सम्मान करते हैं। यही हमारी सनातनी परंपरा है, इसलिए हम सब दिग्विजय सिंह का समर्थन करते हैं।
