थानेदार के बेटे ने चार साथियों संग फायरिंग कर हवालाती को छुड़ाया, 3 गिरफ्तार, 3 फरार

कपूरथला सिविल अस्पताल में मंगलवार दोपहर उस समय हड़बड़ी का माहौल पैदा हो गया, जब यहां 5 बदमाशों आकर पहले हवा में तो फिर पुलिस पार्टी पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। ये लोग यहां चेकअप के लिए लाए गए एक हवालाती को छुड़वा ले गए। पुलिस ने तुरंत हरकत में आ सीसीटीवी फुटेज की मदद से पहचान करते हुए लगभग एक घंटे के बाद हवालाती और उसे छुड़वाने आए दो अन्य को काबू कर लिया।

आरोपियों से पुलिस को एक मोटरसाइकल, 15 कारतूस, 4 खोल व एक देसी रिवाल्वर बरामद हुआ है। फरार आरोपियों में आकाश मान थानेदार सुरिंदरपाल का बेटा भी शामिल बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार हरभेज सिंह उर्फ भेजा निवासी सुल्तानविंड अमृतसर मार्डन जेल कपूरथला में हत्या के मामले में 1 दिसंबर 2016 से बंद है। मंगलवार को हरभेज सिंह व उसके साथ अजय कुमार व विजय को पुलिस के तीन मुलाजिमों की टीम जेल से मेडिकल चेकअप के लिए सिविल अस्पताल में पहुंची थी। दोपहर डेढ़ बजे सिविल अस्पताल की ओपीडी के पास पहुंचे तो मोटरसाइकलों पर आए 5 हथियारबंद युवकों ने हवाई फायर करते हुए हरभेज सिंह को पुलिस के कब्जे से छुड़वा लिया। हालांकि पुलिस मुलाजिमों ने उनका पीछा करते हुए मोटरसाइकल धक्का मारकर गिरा दी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी हवालाती को लेकर फरार हो गए।

हैड कांस्टेबल बख्शीश सिंह  सूचना के तुरंत बाद पुलिस विभाग ने डीएसपी की अगुवाई में शहर में नाकाबंदी कर दी। इस दौरान पुलिस ने हवालाती हरभेज सिंह व उसे छुड़वाने आए आरोपी सरवण सिंह उर्फ सन्नी निवासी सुल्तानविंड व मनप्रीत सिंह निवासी अमृतसर को दबोच लिया। इसके अलावा आकाश मान, मिट्ठू व यादी माहल फरार होने में सफल हो गए। सन्नी पर दो मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के मामले में वह अदालत से भगौड़ा हो चुका है। मनप्रीत पर मारपीट का मामला दर्ज है। इसके अलावा फरार आरोपियों में आकाश मान थानेदार सुरिंदरपाल का बेटा है।

एसएसपी सतिंदर सिंह ने कहा कि जेल प्रबंधन ने 17 मामलों में शामिल आरोपी को मेडिकल चेकअप के लिए लाने के समय जिला पुलिस को सूचित ही नहीं किया। फिर भी पुलिस के तीन मुलाजिम हमलावर 5 युवकों से झगड़ते रहे हैं। इस कारण पुलिस ने हवालाती व उसको भगाने वाले दो आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस उन मुलाजिमों को सम्मानित भी करेंगी। उन्होंने इस मामले में आरोपियों को पकड़ने में मदद की है। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो चुकी है।

Leave a Reply