उद्यमियों की समस्याओं का निराकरण यथाशीघ्र कराने का प्रयास करूंगी: साध्वी प्रज्ञा 

भोपाल । भोपाल-सीहोर लोकसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने बुधवार दोपहर माता मंदिर, संजय कॉम्प्लेक्स, हर्षवर्धन नगर, वैशाली नगर आदि क्षेत्रों में भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं के साथ मोटरसाइकल पर बैठकर जनसंपर्क किया। इसके बाद वे शाम को गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में पहुंचीं, जहां उन्होंने स्थानीय विधायक श्रीमती कृष्णा गौर के साथ गोविंदपुरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सदस्यों से मिलकर उनके कार्यक्रम में भाग लिया। यहां साध्वी प्रज्ञा सिंह का फूलमालाओं से स्वागत हुआ। 
इस मौके पर साध्वी प्रज्ञा सिंह ने कहा कि वे उद्यमियों की समस्याओं का यथाशीघ्र निराकरण करना चाहेंगी, ताकि भोपाल का तेजी से आर्थिक विकास हो सके। उन्होंने कहा कि आज युवाओं के पास रोजगार की दिक्कतें हैं, इसलिए भी इन समस्याओं को प्राथमिकता पर सुलझाना होगा। बिजली का अबाधित प्रवाह और पर्याप्त पानी उद्योग के लिए आवश्यक है और इस ओर उनका ध्यान रहेगा। जेपी रोड खराब स्थिति में है, जिसके लिए वे संबंधित एजेंसी से चुनाव के बाद बात करना चाहेंगी। वे चाहेंगी कि गरीबों को घर मिलें और औद्योगिक क्षेत्र सुव्यवस्थित हो। उद्योग खुलेंगे, तो देश प्रगति करेगा।
साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार विकास को लेकर सजग नहीं है और उसने भ्रष्टाचार से काली कमाई बनाने के ’तबादला कारखाने’ खोल लिए हैं। यही वजह रही कि आयकर छापों में 213 करोड़ की रकम जब्त हुई है। इसके विपरीत भाजपा स्वच्छ प्रशासन और ’सबका साथ सबका विकास’ के मंत्र को लेकर आगे बढ़ रही है।
साध्वी प्रज्ञा के कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद संजय, स्वदेशी अभियान की सुश्री पूर्णिमा दाते, सहित गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे। इसके बाद वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो में भाग लेने सोमवारा भवानी चौक निकल गईं।

Leave a Reply