हरियाणा में प्रचार के अंतिम दिन दिग्गज लगाएंगे जाेर, पीएम मोदी और अमित शाह गरजेंगे

हरियाणा में लाेकसभा चुनाव के लिए आज प्रचार का अंतिम दिन है। ऐसे में सभी दलों ने पूरा जोर लगा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आैर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित कई दिग्गज हरियाणा में आज रैलियां व रोड शो करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी राेहतक में गरजेंगे तो अमित शाह चरखी दादरी और बरवाला में दम दिखाएंगे। राज्य में मतदान 12 मई को होगा।
राज्य में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोहतक में दहाड़ेंगे। इसके साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह चरखी दादरी और बरवाला में पार्टी प्रत्याशियों के लिए जनसभाएं करेंगे। मोदी और शाह चुनाव प्रचार के लिए दूसरी बार हरियाणा आएंगे। मोदी ने बुधवार को फतेहाबाद और कुरुक्षेत्र में रैलियों को संबोधित किया था। इससे पहले अमित शाह ने साेनीपत और पानीपत में रैलियां की थीं। शुक्रवार काे भी भाजपा के स्टार प्रचारक हेमामालिनी और सन्नी देयोल जनसभाएं और रोड-शो कर पार्टी प्रत्याशियों के लिए माहौल बनाएंगे।
राज्य में आज शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा और इसके बाद प्रत्याशी डोर-टू-डोर वोटरों से संपर्क कर सकेंगे। प्रधानमंत्री मोदी रोहतक में पार्टी प्रत्याशी डॉ. अरविंद शर्मा के लिए रैली करेंगे। उनका मुकाबला कांग्रेस के तीन बार के सांसद दीपेंद्र हुड्डा से सीधा मुकाबला है। अमित शाह हिसार के बरवाला में बृजेंद्र सिंह तथा भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के चरखी दादरी में धर्मबीर सिंह के लिए जनसभा करेंगे। भिवानी में भाजपा-कांग्रेस में सीधा मुकाबला है, जबकि हिसार में त्रिकोणीय टक्कर है।
अभी तक दूसरे प्रत्याशियों के लिए अधिक समय देते रहे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रचार का अंतिम दिन अपने लिए रिजर्व रखा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के स्टार प्रचारकों में जगह पाने वाले हुड्डा सोनीपत के गोहाना में रैली करेंगे।
इससे पहले राज्य में बृहस्पतिवार को भी स्टार वॉर दिखा और दिग्गजों ने अपनी ताकत दिखाई। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सिरसा में रैली की तो मायावती की कुरुक्षेत्र और पानीपत में जनसभाएं हुईं। प्रचार में फिल्मी रंग भी दिखा। अपने जमाने की ड्रीम गर्ल हेमामालिनी और बॉलीवुड स्टार सनी देयोल ने भी प्रचार किया।
दरअसल हरियाणा की राजनीति और चुनाव माहौल में गर्मी पिछले दो दिनों से चरम पर है। मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अंबाला और हिसार में रैलियां कीं। उन्होंने प्रधानमंत्री की दुर्योधन से तुलना की तो विवाद छिड़ गया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फतेहाबाद और कुरुक्षेत्र में रैलियों से चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस नेताआें द्वारा उन पर की जा रही टिप्पणियों का मामला जिस तरह उठाया उससे माहौल 'हॉट' हो गया।
बृहस्पतिवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने अपने सियासी दांव-पेंच दिखाए। राहुल गांधी ने सिरसा में प्रदेश्ा कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर के समर्थन में रैली को संबोधित किया। राहुल ने रैली में माेदी सरकार पर निशाना साधने के साथ कांग्रेस की नीतियों की चर्चा की। रैली में अशोक तंवर ने प्रधानमंत्री माेदी पर विवादित टिप्पणी कर दी। उन्होंने राहुल गांधी केा राम तो पीएम मोदी को रावण की संज्ञा दे दी। इससे बाकी बचे चुनाव प्रचार में कांग्रेस और भाजपा के बीच तनातनी बढ़ सकती है।
उधर बसपा प्रमुख मायावती ने कुरुक्षेत्र और पानीपत में रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने दोनों रैलियों में भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर ताे निशाना साधा ही, इसके साथ कांग्रेस पर भी हमला किया। इसके अलावा,अपने जमाने की ड्रीम गर्ल हेमामालिनी ने जींद में चुनाव प्रचार किया।
जींद मे चुनावी रैली को संबोधित करतीं हेमामालिनी।
फिल्म स्टार से नेता बने सनी देयोल ने सिरसा और यमुनानगर में रोड शो किए। सिरसा में उन्होंने भाजपा की उम्मीदवार सुनीता दुग्गल और यमुनानगर में उन्होंने अंबाला सीट से भाजपा प्रत्याशी रतनलाल कटारिया के समर्थन में रोड शो किया।
