सीवेज टैंक की सफाई कर रहे 3 मजदूरों की मौत, जहरीली गैस के रिसाव से हुआ हादसा

मुंबई के ठाणे में सीवर की सफाई करने के दौरान तीन मजदूरों की मौत हो गई। सीवेज टैंक में जहरीली गैस का रिसाव होने कारण यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि 11 मजदूर सफाई के लिए सीवेज टैंक में उतरे थे जिनमें से 3 की मौत हो गई है। घटना बीती रात 12 बजकर 25 मिनट की है।
यह हादसा ढोकली में मौजूद एक पॉश सोसाइटी प्राइड प्रेसीडेंसी लक्सुरिया का है। 11 लोग 130 क्यूबिक मीटर गहरे सीवेज टैंक की सफाई कर रहे थे। तभी टैंक से जहरीली गैल का रिसाव होने लगा और तीन मजदूर इसकी चपेट में आ गए, जबकि गैस के प्रभाव में आने से 8 मजदूर बेहोश हो गए। इन सभी मजदूरों का इलाज पास के मेट्रो अस्पताल में चल रहा है।
आनन फानन में दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल के कर्मचारियों ने ऑस्सीजन सिलेंडर और मास्क की मदद से टैंक में उतर कर सभी मजदूरों को बाहर निकाला। पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि सभी मजदूर मिरा रोड के निवासी थे।
