गोदावरी नदी में सूखे की मार, जलस्तर नीचे गिरने से हजारों मछलियां मर रहीं!

महाराष्ट्र में तपती धूप और पानी के अभाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. इस सूखे की मार से गोदावरी नदी का जलस्तर भी खतरनाक ढंग से नीचे आ गया है. सूखती नदी में पानी के लिए मछलियां तड़प-तड़प कर मर रही हैं. पानी की कमी के कारण यहां अकाल जैसे हालात बन गए हैं.
औरंगाबाद से करीब 65 किलोमीटर की दूरी पर 8 हजार की आबादी वाले नौगांव से बहने वाली गोदावरी नदी का जलस्तर काफी नीचे आ गया है. जलस्तर गिरने से यहां के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए भटकते नजर आ रहे हैं. आलम ये हो गया है कि यहां जानवरों के लिए चारा भी नहीं है. बता दें कि नौगांव देश की दूसरी सबसे बड़ी नदी के तट पर बसा है.
समचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, नौगांव में स्थानीय लोगों का दावा है कि गोदावरी नदी में जल स्तर गिरने से हजारों की संख्या में मछलियां मर रही हैं. इतना ही नहीं मनुष्यों और जानवरों के लिए भी पीने का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. हालात ये हैं कि ये सूखा महाराष्ट्र के मराठवाड़ा, यवतमाल, नौगांव, औरंगाबाद, अमरावती और नासिक जैसे क्षेत्रों में रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रहा है.
