दो दिन से था भूखा, किसी ने मदद नहीं की तो पूरे इलाके को जला डालने की रच डाली साजिश

120 फुटी रोड पर लोहे के सामान के स्टोर के पास स्थित एक खाली प्लाट में रखे कबाड़ में शरारती युवक ने आग लगा दी। रविवार दोपहर लगी आग के भीषण रूप लेने पर लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने दो पानी गाडिय़ों की मदद से आग पर काबू पाया। जिस शख्स ने आग लगाई उसका नाम मुकेश है। उसने कहा कि लोगों के पास बहुत पैसा है। वह भूखा है और दो-तीन दिन से लोगों से पैसे मांग रहा था, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। इसीलिए उसने इलाके को जलाकर राख करने की ठानी।
रविवार सुबह साढ़े दस बजे के करीब वह प्लॉट में पहुंचा और माचिस से वहां पर पड़े कबाड़ में आग लगा दी। गनीमत रही कि इस दौरान किसी तरह का जानी नुकसान होने से बच गया। दूसरी तरफ आग लगाने वाले मुकेश को लोगों ने मौके से काबू कर लिया। वह दिमागी रूप से परेशान लग रहा था।
120 फुटी रोड पर लोहे के सामान के स्टोर के पास खाली प्लॉट में लगी आग।
मामले में पुलिस ने नहीं दर्ज की रिपोर्ट
थाना पांच के एएसआई जगतार सिंह ने बताया कि आग लगने की घटना के बाद मौके पर पीसीआर टीम पहुंची थी। इसके बाद थाने से भी कुछ पुलिस मुलाजिम मौके पर गए थे लेकिन तब तक आग पूरी तरह से बुझ चुकी थी। उन्होंने कहा कि प्लॉट के मालिक की ओर से मामले में किसी तरह की पुलिस शिकायत नहीं दर्ज करवाई गई। इसलिए पुलिस ने आग लगाने वाले व्यक्ति के खिलाफ किसी तरह कोई कार्रवाई करना जरूरी नहीं समझा।
