विधायक थावाणी के खिलाफ कार्रवाई के बदले भाजपा ने केवल माफी मांगने को कहा

दो जून को नरोडा के भाजपा विधायक बलराम थावाणी ने जिस तरह से महिला को मारा, उसका वीडियो वायरल होने के बाद पूरे राज्य में भाजपा विधायक के खिलाफ नाराजगी देखी गई। उधर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघाणी ने उन पर एक्शन लेने के बजाए केवल माफी मांगने के लिए कहा। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष देखा जा रहा है।
पार्टी कार्रवाई करेगी
इस संबंध में भाजपा प्रवक्ता भरत पंड्या ने एक वीडियो के माध्यम से बताया कि यह घटना शर्मनाक है। भाजपा इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है। गांधी के राज्य में इस प्रकार की हिंसा नहीं होनी चाहिए। लोक प्रतिनिधियों को लोगों से अच्छा व्यवहार करना चाहिए। पार्टी ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। विधायक थावाणी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
कार्रवाई नहीं हुई, तो महिलाएं रणचंडी बनेंगी
प्रदेश कांग्रेस ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा है कि यदि विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो महिलाएं रणचंडी बनकर प्रतिकार करेंगी।
