गर्मी से परेशान Pitbull ने नोच डाला अपनी ही मालकिन का मुंह, पड़ गए जान के लाले

भयंकर गर्मी में जानवर भी खूंखार होने लगे हैं। इसका एक उदाहरण तब देखने को मिला जब गर्मी में बंधे-बंधे परेशान पिटबुल ने अपनी मालकिन पर हमला करके उनका मुंह नोच डाला। बुरी तरह घायल महिला को पसरीचा अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां डॉक्टरों को प्लास्टिक सर्जरी करनी पड़ी है।
हुआ यूं कि कपूरथला निवासी चरणजीत कौर (47) ने तीन साल के पिटबुल को सैर करने के बाद आंगन में बांध दिया था। परिवार के सदस्य गांव में किसी काम से चले गए थे। उन्हें लौटते लौटते चार बज गए। पिटबुल धूप में बंधे-बंधे परेशान हो गया था और काफी गुस्से में था। आसपास रहने वालों के अनुसार कुत्ता काफी देर से भौंक रहा था। शाम को घर की मालकिन पहुंची तो गेट खोलते ही उन्होंने देखा कि कुत्ता बुरी हालत में था। चरणजीत उसे खोलने के लिए आगे बढ़ीं तो उसने सीधा उनके चेहरे पर हमला कर दिया। पिटबुल ने उनका निचला होंठ और ठोडी चबा डाली। चरणजीत के दोनों बेटों ने उन्हें पिटबुल से छुड़वाया और अस्पताल ले गए।
डॉक्टरों को प्लास्टिक सर्जरी करनी पड़ी
डॉ. पुनीत पसरीचा ने बताया कि चरणजीत कौर को जब लाया गया तो उनकी हालत काफी खराब थी। चेहरा खराब होने से बचाने को लेकर रात को ही उनकी प्लास्टिक सर्जरी कर दी गई थी। परिजनों के मुताबिक पिटबुल परिवार के हर सदस्य पर हमला कर चुका है। अब वे उसे घर में नहीं रखेंगे।
शात और खूंखार नस्ल के दो कुत्तों की मिक्स ब्रीड है पिटबुल
पिटबुल एक आक्रामक नस्ल बुलडॉग और शांत नस्ल वाले टेरियर डॉग की मिक्स ब्रीड है। कुत्ते की ऊंचाई कम ही रहती है। पिटबुल ताकतवर कुत्तों की श्रेणी में आता है। हालांकि यह ज्यादा गर्मी सहन नहीं कर पाता। अगर गर्मी में इतनी देर किसी भी कुत्ते को रखा जाए तो वह भी हमला कर देता। ऐसी स्थिति में दिमाग गर्म हो जाता है और कुत्ता अपने जंगली स्वभाव के मुताबिक पेश आता है और वह उस वक्त सिर्फ काटना ही जानता है।
