एक फोन कॉल ने पुलिस के उड़ाए होश- हेलो! मेरी पत्नी ने आत्महत्या कर ली, मैं दो दिन बाद करूंगा सरेंडर

न्यू दशमेश नगर में पत्नी की गला घोंटकर हत्या करके प्रॉपर्टी डीलर मौके से फरार हो गया। मंगलवार दोपहर को महिला का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। शव के पैर बेड को छू रहे थे। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हत्या को आत्महत्या बनाने की कोशिश की गई है। वहीं, प्रॉपर्टी डीलर ने दोपहर को खुद पुलिस को फोन करके कहा कि उसकी पत्नी ने सुसाइड कर लिया है और फरार हो गया कि वह परेशान है, दो दिन बाद खुद सरेंडर करेगा। मृतका की पहचान 35 वर्षीय रमन बाला पत्नी अमित कुमार के रूप में हुई।
थाना नई बारादरी पुलिस ने मृतका की मां शशि नैय्यर निवासी पठानकोट के बयान पर पति अमित कुमार, सास चंचला रानी, ऑस्ट्रेलिया में रहती ननद और देवर के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। मंगलवार दोपहर को प्रॉपर्टी डीलर अमित कुमार ने पुलिस को फोन करके कहा कि पत्नी ने सुसाइड कर लिया है। उसने घर का पता बताया और कहा कि वह दो दिन बाद पुलिस के आगे सरेंडर करेगा।
थाना नई बारादरी के एसएचओ सुखबीर सिंह ने बताया कि सूचना के बाद वह तुरंत पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंचे। न्यू दशमेश नगर स्थित आरोपित के घर पहुंचकर बाहर वाली सीढि़यों के रास्ते पहली मंजिल पर पहुंचे। वहां कमरा बंद था। ताला तोड़कर कमरे में दाखिल हुए। अंदर देखा महिला का शव पंखे से झूल रहा ता। शक हुआ कि ये आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। तुरंत फोरेंसिक टीम बुलवाई।
हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए पंखे से लटकाया, ऊंचाई ने खोली पोल
प्रॉपर्टी डीलर के घर की पहली मंजिल पर बने कमरे की ऊंचाई दस फुट है। वहीं, छत पर लगे पंखे से बेड के बीच की ऊंचाई साढ़े पांच फुट के करीब है। वहीं इतनी ही हाइट महिला की है, जिसने इस घटना के आत्महत्या होने पर सवालिया निशान लगा दिया है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए कमरे में बेड से पंखे के बीच की ऊंचाई नापी तो मामला हत्या का होने की आशंका बन गई। वहीं, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है।
बेटे अमित और बहू रमन की रात को खाना पकाने को लेकर कहासुनी हुई थी। रमन गुस्से में पहली मंजिल पर स्थित कमरे में चली गई और कमरे का दरवाजा बंद कर ताला लगा लिया। बेटा थोड़ी बाद दोबारा ऊपर गया और चिल्लाया रमन ने सुसाइड कर लिया। हम डर गए थे। इसलिए रात को पुलिस को नहीं बताया। आज पुलिस को सूचित किया।
– चंचला रानी, मृतका की सास।
मेरी बेटी सुसाइड नहीं कर सकती, उसकी हत्या की गई है। पूरा यकीन है कि बेटी को उसके पति और सास ने मारा है। रमन अपने ससुराल वालों से दुखी थी। दामाद अमित उससे अकसर मायके घर से पैसे लाने की मांग करता था। शनिवार को ही बेटी मायके से लौटी थी। दामाद ही बेटी रमन को लेने आया था। बेटी को 70 हजार रुपये भी दिए थे।
