बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा : करुणारत्ने

कार्डिफ । श्रीलंका के कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने कहा है कि विश्व कप में अपनी संभावनाएं बरकरार रखने उनके बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। श्रीलंकाई टीम हालांकि अफगानिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज करने में सफल रही पर उसके बल्लेबाज 201 रन ही बना पाये। इसके बाद गेंदबाजों ने उसे जीत दिलाई। 
वह मैच में एक समय श्री लंका का स्कोर एक विकेट पर 144 रन था पर 180 के कुल योग तक पहुंचते-पहुंचते उसके 8 विकेट गिर गए। इस प्रकार देखा जाए तो पांच विकेट 36 रनों के अंदर ही गिर गये। मैच के बाद करुणारत्ने ने कहा, 'लंबे समय बाद हमें बेहतरीन शुरुआत मिली, परअचानक हमने कुछ विकेट खो दिए और बैक फुट पर चले गए। यह बुरी चीज है, पर हमारी गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण अच्छा रहा जो सकारात्मक बात है। 
करुणारत्ने ने कहा, ' हमें बीच के ओवरों में अपनी बल्लेबाजी बेहतर करनी होगी। अगर विरोधी टीम के सलामी बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी करते हैं तो विकेट अहम हो जाते हैं ऐसे में छोटे स्कोर का बचाव करना गेंदबाजों के लिए आसान नहीं होता।' श्रीलंका का अगला मैच पाकिस्तान के खिलाफ होगा।

Leave a Reply