आंध्रप्रदेश से पपीता लोड करके आया था शहर ट्रक के नीचे सो रहे चालक की दबने से मौत

जबलपुर। विजयनगर थाना क्षेत्र में ट्रक के नीचे दबने से आंध्रप्रदेश के एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रक का क्लीनर गाड़ी रिवर्स कर रहा था। इस दौरान चालक ट्रक के नीचे सो रहा था। जो चके के नीचे दब गया और मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाते हुए हादसे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि ट्रक क्रमांक एपी ३९ एक्स ९५५८ में पपीता लोड करके ड्रायवर एम वैंकट सुरैया उम्र ४५ वर्ष आंध्रप्रदेश से जबलपुर पहुंचा था। वैंकट आरके नगर जिला वाईएसआर आंध्रप्रदेश का रहने वाला था। रात को दुकान बंद होने के कारण वैंकट अपने क्लीनर पवन चौधरी के साथ सड़क किनारे वाहन खड़ा करके ट्रक के नीचे सो गया। वैंकट सुरैया ट्रक की नीचे सो रहा था। इसी दौरान क्लीनर ने ट्रक रिवर्स कर दिया। जिससे चालक का सिर ट्रक के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच……….
आंध्रप्रदेश के ड्रायवर की मौत होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच में अभी यही पता चला है कि वाहन रिवर्स करने के दौरान ड्रायवर वैंकट सुरैया वाहन के नीचे सो रहा था। ऐसे में सवाल यह खड़ा हो रहा है कि क्या क्लीनर को यह जानकारी नहीं थी कि ड्रायवर नीचे सो रहा है। उसने बिना देखे की ट्रक क्यों रिवर्स किया। पुलिस ने आरोपी क्लीनर सहित आस-पास के लोगों से पूछताछ की है। वहीं मृतक के परिजनों को घटना के संबंध में जानकारी भी भेजी गई है।

Leave a Reply