14 दिन में 100 फर्जी कॉल करने वाला गिरफ्तार

मुंबई । बीती 13 जून को सुबह 3.15 बजे जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन में आए एक फोन ने पूरी मुंबई पुलिस की नींद हराम कर दी थी। दरअसल, फोन पर एक शख्स ने बताया कि उसने चोर बाजार इलाके में लाल गाड़ी के अंदर एक बम लगाया है। इसके 14 दिनों तक ऐसे ही फोन लगातार आते रहे। कभी बम की बात होती, तो कभी लावारिस पड़ी लाशों की और मुंबई पुलिस एक जगह से दूसरी जगह भटकती रही, परंतु कुछ हाथ नहीं लगा। आखिरकार पुलिस को यकीन हो गया कि यह सब फर्जी कॉल थे।जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को भी ढूंढते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान रजाक शेख के रुप में की। पुलिस ने रजाक को गुजरात से गिरफ्तार किया। उस पर 7 अलग अलग थानों में 100 से ज्यादा फर्जी कॉल करने का आरोप है।पूछताछ में रजाक ने बताया कि वह मुंबई पुलिस को परेशान करना चाहता था। दरअसल, पुलिस ने उसके परिवार से उसे अलग कर दिया, जिसका वह बदला लेना चाहता था। रजाक पर लूट और चोरी के 15 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। वह अपने परिजन के साथ फिदोनी में रहता था, लेकिन बाद में उसे मुंबई से तड़ीपार कर दिया गया और आसपास के तीन जिलों से उसे दूर रहने का आदेश दिया गया। जिसके बाद वह गुजरात चला गया और उसने पुलिस को परेशान करने की योजना बनाई।
