बेटी-दामाद ने ही की कारोबारी पिता की हत्या, हाथ-पैर बांध रेता गला

पटना । राजधानी पटना के परसा बाजार थाना अंतर्गत खैराटाली गांव के जमुना बिहार कॉलोनी में जूता-चप्पल कारोबारी उमेश सिंह को उनके अपने बेटी-दामाद ने ही मौत के घाट उतार दिया। उमेश सिंह की हत्या चाकू से गला काटकर और शरीर में कई जगह वारकर की गई है। बताया जा रहा है कि हत्या के पीछे दामाद और बेटी का हाथ है, जो घटना के बाद से ही फरार हैं। यह हत्या पूरी तरह से प्लांड था, जिसमें दामाद ने अपने चार-पांच साथियों को भी शामिल किया।
दरअसल, अपने साथियों के साथ कारोबारी का दामाद उमेश के घर पहुंचा और जमीन के कागजात अपने नाम करने को कहा। ऐसा न करने पर दामाद देव कुमार सिंह और उसके साथियों ने हैंड गलब्स पहनकर पहले ससुर उमेश सिंह का पैर बांधा और फिर पेट में चाकू मारने के बाद गला रेत कर उनकी हत्या कर दी। गौरतलब है कि मृतक की बेटी पूजा की शादी उसके प्रेमी देव कुमार से एक वर्ष पहले हुई थी। शादी के बाद से ही बेटी और दामाद जमीन और तिलक की मांग करते थे और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। घटना की जानकारी के बाद परसा बाजार थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के साढू ने बताया कि हत्या दामाद और उसके साथियों ने बेटी के साथ मिलकर की ।
