पीट-पीटकर अधमरा कर पानी की जगह पिलाया जहर

कटिहार । बिहार में एक व्यक्ति को शादीशुदा महिला से प्रेम करना जानलेवा साबित हुआ। गौरतलब है कि इस महिला के दो बच्चे भी हैं। इंसानियत भी शर्मिंदा करते हुए लोगों की भीड़ ने पहले तो प्रेमी की जमकर पिटाई की और फिर पानी मांगने पर उसे जहर घुला पानी पिला दिया, इससे उसकी मौत हो गई। घटना कटिहार के रौतारा थाना क्षेत्र के धर्म गंज आदिवासी संथाली टोला की है। मृतक ताला मरांडी के परिजनों का आरोप है कि शादीशुदा महिला सुशीला ने ही ताला मरांडी को फोन कर अपनी बहन के घर बुलाया था। सुशीला के बुलावे पर ही पूर्णिया जिला का रहने वाला ताला मरांडी (जो अपनी बहन के घर कटिहार आया था) वहां गया था। सुशीला के घर पर ही लोगों ने दोनों को आपत्तिजनक हालात में पकड़ा।
सुशीला की बहन और जीजा ने मिलकर समाज को इकट्ठा कर लिया और ताला की पेड़ से बांधने के बाद जमकर पिटाई की। जब टूट रही सांसों के बीच ताला मरांडी ने पानी मांगा, तो सुशीला के जीजा ने उसे जहर मिला हुआ पानी पिला दिया, जिससे ताला मरांडी की मौत हो गई। रौतारा थाना क्षेत्र के धर्मगंज आदिवासी टोला के इस घटना के बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजन पिटाई के वीडियो के आधार पर कार्रवाई की मांग की हैं। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए पूरे केस की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस उपाधीक्षक हरि मोहन शुक्ला ने बताया कि घटना के बाद से ही सुशीला की बहन और जीजा फरार हैं।
