घरेलू गैस कनेक्शन अक्टूबर 2020 में दिए जायेंगे-भाया

जयपुर । खान मंत्री प्रमोद भाया ने विधानसभा में विधायक मदन प्रजापत के मूल प्रश्न के जवाब में कहा है कि बाड़मेर जिले में सिवाना में 15 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाकर 1248 घरेलू गैस कनेक्शन, पचपदरा एवं बालोतरा में 37 किमी पाइपलाइन बिछाकर 3059 घरेलू गैस कनेक्शन एवं रामसर एवं बाड़मेर में 44 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाकर 3681 घरेलू गैस कनेक्शन दिए जाने का लक्ष्य है। 
उन्होंने बताया कि बाड़मेर-जैसलमेर के गैस भण्डार भारत सरकार द्वारा निर्धारित पॉलिसी के अनुसार कम्पनियों को आवंटित किए जाते हैं। पाइपलाइन के माध्यम से घरेलू कनेक्शन का कार्य भी भारत सरकार के पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) द्वारा किया जा रहा है। पीएनजीआरबी द्वारा 29 सितम्बर 2018 से मैसर्स ए.जी. एण्ड पी.एल.एन.जी. मार्केटिंग प्रा.लि.एवं संगठन कम्पनी को बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर जिलों में पाइप लाइन द्वारा घरेलू गैस पहुंचाने हेतु अधिकृत किया गया है। भाया ने बताया कि कम्पनी द्वारा जोधपुर में कार्यालय की स्थापना कर पाइपलाइन बिछाने के लिए सर्वे और राज्य एवं केन्द्र सरकार की विभिन्न संस्थाओं, विभागों से आवश्यक अनुमतियांं प्राप्त करने का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। साथ ही कम्पनी द्वारा तैयार की गई कार्य सम्पादन योजना के अनुसार कम्पनी द्वारा कार्ययोजना के तीसरे वर्ष अक्टूबर 2020 से सितम्बर 2021 में बाड़मेर में नियमानुसार घरेलू कनेक्शन के लक्ष्य रखे गए हैं।  उन्होंने बताया कि निवाना सरचार्ज एरिया के सिवाना में 15 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाकर 1248 घरेलू कनेक्शन दिए जाने का लक्ष्य है। पचपदरा एरिया से पचपदरा एवं बालोतरा को 37 किमी पाइपलाइन बिछाकर 3059 घरेलू कनेक्शन दिए जाने का लक्ष्य है। इसी तरह रामसर सरचार्ज एरिया से रामसर और बाड़मेर को 44 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाकर 3681 घरेलू कनेक्शन दिए जाने का लक्ष्य है।  उन्होने कहा कि पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) द्वारा विभिन्न कार्यकारी एजेन्सियों के माध्यम से राज्य के कई शहरों में पापलायन से नगरीय उपभोक्ताओं को घरेलू गैस मुहैया कराये जाने हेतु अधिकृत किया गया है। उन्होंने इसका विवरण सदन पटल पर रखा। उन्होंने बताया कि अधिकृत एजेन्सियों में राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड द्वारा कोटा शहर में अब तक 8500 कनेक्शन जारी किये जा चुके हैं।

Leave a Reply