कर्नाटक के बागी विधायक पहुंचे शिर्डी, विधानसभा में फ्लोर टेस्ट पर सबके अपने अपने दावे

मुंबई: कर्नाटक में जारी सियासी संकट के बीच कांग्रेस जेडीएस के बागी विधायक शनिवार को मुंबई से साई बाबा के दर्शन के लिए शिरडी पहुंचे. ये विधायक मुंबई से चार्टर्ड प्लेन से शिर्डी पहुंचे. शिर्डी की मुंबई से दूरी करीब 200 किमी है. शुक्रवार को इन विधायकों ने मुंबई सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन किए थे.
बता दें कि कांग्रेस और जेडीएस के एक दर्जन से ज्यादा विधायक अपना इस्तीफा देने पर अड़े हैं, लेकिन लोकसभा स्पीकर ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है. मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंच चुका है. सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार तक यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं.
इधर कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने विधानसभा में शक्ति परीक्षण की बात कही है. बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा ने कहा है कि वह बागी विधायकों के संपर्क में हैं. उनका कहना है कि कुमारस्वामी सरकार बहुमत खो चुकी है, इसलिए उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए. उधर कुमारस्वामी और कांग्रेस के दूसरे नेता दावा कर रहे हैं कि उनकी सरकार पहले जैसी ही चलती रहेगी.
इधर कांग्रेस के सामने संकट और बढ़ गया है, कांग्रेस के 5 विधायक सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं, इन्होंने अपना इस्तीफा मंजूर कराने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. कर्नाटक विधानसभा में बीजेपी 105 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है. लेकिन कांग्रेस और जेडीएस ने गठबंधन कर सरकार बनाई है.
