प्लेनेटोरियम प्रोजेक्टर डिजाइन में खामी, एजेंसी को नोटिस और पेमेंट रोकने के निर्देश-कमिश्नर

बिलासपुर । निगम कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय ने शनिवार की सुबह निर्माणाधीन प्लेनेटोरियम और व्यापार विहार स्थित स्मार्ट सडक़ का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माणाधीन प्लेनेटोरियम के प्रोजेक्टर डिजाइन में खामी होने की बातें सामने आई, जिसपर कमिश्नर श्री पाण्डेय ने डिजाइन बनाने वाले एजेंसी को नोटिस जारी करने और प्रेमेंट रोकने के निर्देश दिए।
निगम कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय ने सुबह निर्माणाधीन प्लेनेटोरियम और व्यापार विहार स्थित स्मार्ट सडक़ का निरीक्षण किया। इस दौरान प्लेनेटोरियम के डिजाइन बनाने वाली एजेंसी जीटी डिजाइन द्वारा डोम के हिसाब से प्रोजेक्टर डिजाइन में खामी होने की बात सामने आई। दरअसल प्लेनेटोरियम के डोम के साइज के हिसाब प्रोजेक्टर को प्रस्तावित नहीं किया गया था। यहां एक प्रोजेक्टर प्रस्तावित किया गया गया है, जबकि प्लेनेटोरियम के साइज के हिसाब से दो प्रोजेक्टर प्रस्तावित होना चाहिए, लेकिन डीपीआर में एक ही प्रोजेक्टर प्रस्तावित होने के कारण यहां प्लेनेटोरियम के अभिनय में क्लीरियार्टी की दिक्कतें आने की बात सामने आई। इसपर कमिश्नर श्री पाण्डेय ने डीपीआर निर्माण एजेंसी जीटी डिजाइन को नोटिस देने के साथ समस्त भुगतान रोकने के निर्देश दिए। इसके बाद कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय ने व्यापार विहार स्थित निर्माणाधीन स्मार्ट सडक़ का निरीक्षण किया। इस दौरान आनंदा होटल से रामा पोर्ट तक पैदल चलकर कमिश्नर श्री पाण्डेय ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सडक़ पर चैंबर के ऊपर होने और कई जगह सडक़ पर ग्रीपिंग कार्य ठीक नहीं होने पर कमिश्नर श्री पाण्डेय ने इंजीनियर और ठेकेदार को फटकार लगाई। इस दौरान उन्होंने गुणवत्ता से किसी तरह की समझौता नहीं करने की हिदायत देते हुए गुणवत्ता के साथ तय समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निगम के ईई पीके पंचायती, सहायक अभियंता सुरेश बरुआ, उपअभियंता श्रीकांत नायर सहित अन्य अधिकारी व ठेकेदार उपस्थित थे।
कचरा का न हो डंप और सीएनडी वेस्ट का हो समय पर उठाव
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री पाण्डेय ने त्रिवेणी भवन के बगल में खाली जगह का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसी भी हालत में यहां कचरा डंप नहीं होने की बात कही। इसके लिए खाली जगह में वाहनों के प्रवेश रोकने कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इसी तरह जगह-जगह पड़े सीएनडी वेस्ट को पंप हाऊस में रखवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
सफाई नहीं होने पर सेनेटरी इंस्पेक्टर और लायंस को नोटिस
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री पाण्डेय को व्यापार विहार से तारबाहार फाटक जाने वाले मार्ग पर सडक़ किनारे कचरा डंप मिला। वहीं सडक़ किनारे इधर उधर कचरा फैला हुआ मिला। इस दौरान कमिश्नर श्री पाण्डेय ने व्यापारियों से भी चर्चा की। इस दौरान उन्होंने सडक़ पर झाड़ू नहीं लगने की बात कही। इस पर कमिश्नर श्री पाण्डेय ने गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए लायंस प्राइवेट लिमिटेड और सेनेटरी इंस्पेक्टर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
