हाईटेंशन लाइन का तार टूटा, एक ही परिवार के तीन किसानों की दर्दनाक मौत

जालोर । जसवंतपुरा थाना इलाके में रविवार को सुबह हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर गिर जाने से एक ही किसान परिवार के तीन लोगों की करंट लग जाने से मौत हो गई। इनमें महिला भी शामिल हैं। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने विद्युत निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने तीनों शवों का स्थानीय अस्पताल की पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मृतकों के परिवार को विद्युत निगम की तरफ से 5 लाख और मुख्यमंत्री सहायता कोष से 1 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की गई है।
जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा जसवंतपुरा इलाके के राजपुरा गांव में सुबह रुडाराम के खेत में हुआ। उस समय वहां रुडाराम की पत्नी नेबूदेवी और बेटे मफाराम समेत परिवार का ही कानाराम खेती का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर खेत में गिर गया। इससे करंट की चपेट में आने से नेबूदेवी और मफाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कानाराम गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे की सूचना बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीण कानाराम को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले गए, लेकिन वहां उसने भी दम तोड़ दिया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने विद्युत निगम की कार्यशैली को लेकर वहां जमकर नारेबाजी की। सूचना पर जसवंतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची ओर शवों को कब्जे में लेकर स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बाद में वहां भी ग्रामीणों की भीड़ लग गई। स्थानीय विधायक नारायण सिंह देवल भी वहां पहुंचे। पुलिस ने लोगों से समझाइश कर तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया।
