जूनागढ़ नगर निगम चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार का भाजपा को समर्थन

अहमदाबाद | जूनागढ़ नगर निगम के चुनाव दिलचस्प होता जा रहा है| जूनागढ़ नगर निगम के वार्ड नंबर 13 के कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मण रावलिया ने भाजपा को समर्थन का ऐलान कर दिया है| लक्ष्मण रावलिया के फैसले से चुनाव के पहले कांग्रेस को झटका लगा है| रावलिया के भाजपा को समर्थन करने से कांग्रेस में फिर एक बार अंदरुनी कलह सतह पर आ गई है| जूनागढ़ के प्रभारी गोरधन झडफिया ने भगवा पटका पहनाकर लक्ष्मण रावलिया का भाजपा में स्वागत किया|
गोरधन झडफिया ने मंगलवार को चुनावी घोषणा पत्र भी जारी करते हुए कहा कि भाजपा अगले पांच वर्ष के दौरान जूनागढ़ शहर में विकास कार्यों को गति प्रदान करेगी| घर विहीन लोगों को आवास की सुविधा, नई सब्जी मंडी, शेर दर्शन के लिए उचित व्यवस्था और फाटक मुक्त जूनागढ़ समेत कई विकास कार्य किए जाएंगे|
दूसरी ओर मंगलवार को कांग्रेस ने भी अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया| कांग्रेस ने जूनागढ़ शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का वादा किया| कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को खत्म करने का भी वादा किया| खेल क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहन देने की योजना, पर्यटन के लिए उचित सुविधाएं, सिटी बस और पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने का कांग्रेस ने चुनावी घोषणा पत्र में वादा किया है|
