सरकारी फ्लैक्स पर निर्भया कांड के दोषी की फोटो; विवादों में आया चुनाव आयोग

होशियारपुर. होशियारपुर में चुनाव आयोग की ओर से लोगों को जागरूक करने के लिए लगाए गए फ्लैक्स पर दुष्कर्मी की फोटो को लेकर विवाद खड़ा हो गया। देर रात सोशल मीडिया पर वायरल इस फोटो में दावा किया गया कि होर्डिंग पर लोगों को जागरूक करने के लिए जिन तीन लोगों की फोटो लगाई गई है, उनमें एक फोटो दिल्ली के निर्भया सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी मुकेश की है।
हालांकि यह बोर्ड कहां लगा है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला और पूर्व कैबिनेट मंत्री सोहन सिंह ठंडल ने मामले की जांच की मांग की है। इस फोटो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के और इलाके के नेताओं की मांग के बाद चुनाव आयोग ने जांच शुरू कर दी है। यह फोटो किसी व्यक्ति ने ट्विटर पर शेयर की है। साथ ही एक लिंक भी शेयर किया, जिसमें यह वादा किया गया कि होर्डिंग में लगा एक फोटो निर्भया सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी मुकेश का है।
बताया जा रहा है कि आयोग ने इस मामले में संबंधित अधिकारियों से जवाब भी मांग लिया है, लेकिन आधिकारिक तौर पर कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला और पूर्व कैबिनेट मंत्री सोहन सिंह ठंडल की ओर से जांच की मांग के बाद यह मामला राजनीतिक तौर पर भी तूल पकड़ गया है।
दूसरी ओर इस बारे में कैबिनेट मंत्री सुंदर श्याम अरोड़ा के कहना है कि फोटो से यह कह पाना मुश्किल है कि यह दुष्कर्म का आरोपी है। क्योंकि कई बार कुछ चेहरे मिलते-जुलते भी होते हैं। फ्लैक्स पर किसी का नाम नहीं लिखा गया है, जिससे यह सिद्ध हो सके यह फोटो आरोपी का ही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच करवाई जाएगी।
