पुलिस नाके के पास दुकान घुस तिजोरी से 50 हजार कैश व ज्वैलरी से भरा बैग ले भागे

पठानकोट. पठानकोट में शनिवार को एक ज्वैलरी शॉप में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। दुकान के मालिक ने स्कूटी पर दो किलोमीटर तक पीछा करके बाइक पर दो में से पीछे बैठे बदमाश को पकड़ा। गिर जाने की वजह से वह घायल हो गया, जिसके बाद अस्पताल में पुलिस ने तलाशी ले ज्वैलरी बरामद कर ली है।
घटना शनिवार सवेरे साढ़े 10 बजे की पठानकोट के पंगोली चौक पर पुलिस नाके के पास की है। इस बारे में मोहल्ला राजड़िया निवासी मनु शर्मा ने बताया कि वह सुबह दुकान पर पहुंचा तो किसी ग्राहक को देने के लिए रखी बैग में पड़ी ज्वैलरी व नकदी अंदर तिजोरी में रख दी। अचानक जैसे ही वह पेशाब करने बाहर निकला तो नजर पड़ी कि दुकान के बाहर स्टार्ट बाइक पर हेल्मेट पहने एक व्यक्ति था और दूसरा उसकी दुकान के अंदर से बैग उठाए निकला।
मनु ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बाइक सवार दोनों युवक मनवाल-पठानकोट की ओर से भाग निकले। उसने अपनी स्कूटी स्टार्ट कर बाइक सवार दोनों युवको का पीछा किया। मनवाल में तुषार मार्बल के पास बाइक के पीछे से एक व्यक्ति का गला पकड़कर खींच लिया। बदमाश के साथ वह भी स्कूटी से गिर पड़ा। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। इसी बीच बाइक चला रहा हेल्मेट वाला कहता रहा कि वह पीछे बैठे व्यक्ति को नहीं जानता। इससे पहले कि लोगों को माजरा समझ आया, बाइक सवार युवक भाग निकला। नीचे गिराए गए दूसरे साथी को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।
सूचना के बाद पुलिस ने अस्पताल में पहुंच जांच शुरू की तो बेहोश पड़े स्नैचर के अंडरवीयर में सामान पड़े होने की अशंका हुई। पैंट खुलवाई तो देखा कि अंडरवीयर के नीचे हिस्से के पास काली टेप से दोनों ओर बांधा हुआ था। पुलिस ने टांग पर बंधी काली टेप खोली तो प्लास्टिक के लिफाफों में पड़ा सोना बाहर निकला। पुलिस ने स्नैचर के अंडरवीयर के अंदर से एक सोने के कड़े की जोड़ी, 5 अंगूठियां, 5 टाॅप्स जोड़ी, 3 पैंडल, एक पैंडल सैट, टाॅप्स जोड़ी बरामद हुई।
ज्वैलर मनु का कहना है कि बाइक पर फरार हुआ दूसरा साथी 50 हजार नकदी व अन्य ज्वैलरी लेकर फरार हुआ है। उधर मामले की जांच कर रहे शाहपुर कंडी थाना प्रभारी मनदीप ने बताया कि देर शाम पकड़े गए एक बदमाश को होश आ गया है। उससे पूछताछ के बाद दूसरे साथी को भी पकड़ा जाएगा।
