भारत के खिलाफ बयानबाजी करने वाले बासित को पीसीबी ने हटाया

लाहौर । पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अपने कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बनाने से इनकार कर दिया है। बासित ने विश्व कप के दौरान आधारहीन बयानबाजी करते हुए कहा था कि भारतीय टीम पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जाने से रोकने लीग मुकाबले में इंग्लैंड से जानबूझकर हारी थी। वहीं पीसीबी के चेयरमैन एहसान मनी ने कहा, 'हमने विश्व कप के दौरान ही उनके कॉमेंट को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर दी थी। वह पीसीबी से कर्मचारी नहीं हैं, लेकिन फिर भी हमने अपनी बात साफ कर दी।' बासिल हाल ही में जूनियर चयन समिति के अध्यक्ष बने थे। वह कराची में पीसीबी टीम को पार्ट टाइम कोचिंग भी देते थे। वहीं अली ने कहा कि उन्हें पीसीबी की तरफ से ऐसा कोई पत्र नहीं मिला है। उन्होंने कहा, 'मुझे पीसीबी से किसी तरह का कोई पत्र नहीं मिला है।' उन्होंने आगे कहा कि उन्हें अपनी टिप्पणी को लेकर कोई पछतावा नहीं है। बासित और सिकंदर बख्त ने पाक के एक टीवी चैनल पर विश्व कप टूर्नमेंट को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि भारत कभी नहीं चाहेगा कि पाकिस्तान विश्व कप फाइनल में पहुंचे। इसलिए इंडियन टीम जानबूझकर खराब प्रदर्शन कर सकती है।
