T20 WC: मिलर संग वीडियो पड़ा भारी, इन्फ्लुएंसर को मिली दुष्कर्म की धमकी? शरीर को लेकर भी हुईं अभद्र टिप्पणियां

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारत को दक्षिण अफ्रीका के हाथों 76 रन से हार का सामना करना पड़ा। अहमदाबाद में खेले गए इस मैच में डेविड मिलर ने 35 गेंदों पर 63 रन बनाकर टीम को 20 ओवर में 187/7 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 76 रन से पीछे रह गई। मैच के बाद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आरजे प्रिंसी पारिख ने मिलर के साथ एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह उन्हें घेरते हुए और चारों और घूमते हुए ताली बजाते हुए उन पर तंज जैसा कुछ करती नजर आ रही थीं। वीडियो के कैप्शन में लिखा था, 'क्या खिलाड़ी हैं डेविड मिलर!' वहीं वीडियो के अंदर टेक्स्ट था, 'मुझे लगा था कि हम दोस्त हैं डेविड!' यह रील तेजी से वायरल हो गई।

दुष्कर्म की धमकी और बॉडी शेमिंग का आरोप

रील वायरल होने के बाद प्रिंसी पारिख ने आरोप लगाया कि उन्हें झकझोर देने वाली दुष्कर्म की धमकियां मिली हैं। पारिख ने यह भी बताया कि वीडियो के बाद उन्हें बॉडी शेमिंग का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उन्हें यह वीडियो फेसबुक से हटाना पड़ा। हालांकि यह वीडियो अब भी इंस्टाग्राम पर मौजूद है। पारिख ने कहा कि वह इन धमकियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगी। यह मामला सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और ऑनलाइन उत्पीड़न को लेकर एक नई बहस छेड़ रहा है।

मिलर और ब्रेविस की पारी की सराहना

इस बीच, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने दक्षिण अफ्रीका की संयमित बल्लेबाजी की तारीफ की। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'जिस तरह दक्षिण अफ्रीका के तीन विकेट गिरे, उस समय बुमराह शानदार गेंदबाजी कर रहे थे। लेकिन फिर मिलर ने अपना अनुभव दिखाया। छह वर्ल्ड कप खेलने का अनुभव साफ नजर आया। उन्होंने ठीक उसी समय अर्धशतक लगाया जब टीम को उसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी।' पठान ने डेवाल्ड ब्रेविस की 45 रन की पारी को भी निर्णायक बताया। उन्होंने कहा, 'ब्रेविस की 45 रन की पारी बहुत अहम थी। अगर वह साझेदारी नहीं होती तो दक्षिण अफ्रीका मैच नहीं जीत पाता। उन्होंने शुरुआत में धैर्य दिखाया और फिर टीम को स्थिरता दी।'

Leave a Reply