ग्वालियर में अनोखी होली की धूम: 9 हजार की इलेक्ट्रिक पिचकारी बनी आकर्षण, शॉट गन स्टाइल में उड़ता गुलाल

ग्वालियर: त्योहार आते ही बाजारों में रौनक बढ़ जाती है. ग्वालियर में भी होली का बाजार सज गया है. दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ टूट पड़ी है. खास कर रंग-गुलाल के साथ लोग, बच्चों के लिए पिचकारियां लेने पहुंच रहे हैं. वहीं, ग्राहकों की डिमांड और होली का क्रेज देखते हुए दुकानदार भी इस बार नए-नए आइटम ग्वालियर के बाजार में लेकर आए हैं.
ग्वालियर के बाजार में इस बार खास होली आइटम्स
ग्वालियर में इस बार नए तरह की पिचकारियां ट्रेंड में हैं. पारंपरिक और साधारण बच्चों की पिचकारियों के साथ इस बार दुकानदार अलग-अलग डिजाइन्स वाली पिचकारियों के साथ इलेक्ट्रिक वॉटर गन भी लेकर आए हैं. लोगों में इस नए तरह की इलेक्ट्रिक पिचकारियों का का क्रेज भी दिखाई दे रहा है. ये इलेक्ट्रिक गन जिसमें पानी गोलियों की तरह निकलता है, हाथों-हाथ बिक रही है. इनके अलावा हथौड़े और बीन सहित नई डिजाइन्स में प्रेशर बेस्ड पिचकारियां भी बिक रही हैं.
इलेक्ट्रिक पिचकारी की सबसे ज्यादा डिमांड
इलेक्ट्रिक पिचकारियों के साथ ही इस बार बाजार में गुलाल शॉट्स और गुलाल गन भी डिमांड में हैं. गुलाल शॉट्स ठीक दिवाली पर मिलने वाले आतिशबाजी के शॉट्स की तरह है, जो आसमान में जाकर फूटते हैं. ठीक उसी तरह गुलाल शॉट्स में गुलाल ऊंचाई पर जाकर बिखर जाता है. वहीं, गन से धुएं की तरह गुलाल बाहर आता है. जो देखने में काफी आकर्षक लगता है. बाजार की डिमांड को देखते हुए दुकानदार इसकी अच्छी बिक्री कर रहे हैं. वहीं, खरीदारों को भी ये गुलाल के नए आइटम काफी पसंद आ रहे हैं.
बच्चों को पसंद आ रही होली वाली टीशर्ट
इस बार होली के समय सफेद और होली प्रिंटेड टी-शर्ट और कुर्तों की भी खासी डिमांड है. बच्चे से लेकर बड़े और बूढ़ों तक के लिए ये टी-शर्ट्स बाजार में उपलब्ध है. अपने बच्चों के लिए होली की शॉपिंग कर रहे ध्रुव अग्रवाल ने बताया, "अपने बच्चों के लिए रंग पिचकारी और टीशर्ट खरीदने निकले हैं. बच्चे होली को लेकर काफी एक्साइटेड हैं और वे काफी खुश हैं. परीक्षा हो गई है, तो अब उन्हें मस्ती सूझ रही है."
9 हजार रु तक की इलेक्ट्रिक पिचकारी
ग्वालियर के महाराज बाड़ा मार्केट में सजे होली बाजार में पिचकारी और रंगों की दुकान सजाए दुकानदार विकास गुप्ता कहते हैं, "पिछले साल की तुलना में इस बार काफी नए आइटम आए हैं, जिनकी वजह से लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. इस बार बाजार में इलेक्ट्रिक पिचकारी आई हैं, जिनमें मैन्युअल वॉटर फिलिंग से लेकर सेल्फ वॉटर फिलिंग तक जैसी तकनीके हैं. ये पिचकारी 1 हजार रु से लेकर 9 हजार रु तक की रेंज में उपलब्ध हैं.
ऑर्गेनिक गुलाल को लेकर अलग ट्रेंड
विकास गुप्ता कहते हैं, "इस बार स्मोक शॉट (गुलाल शॉट्स) की भी काफी मांग है. इस बार 50 से 60 प्रतिशत नए आइटम आए हैं. वहीं, गुलाल को लेकर अब लोगों में ट्रेंड चेंज हो गया है. लोग सादा गुलाल की जगह अब हर्बल गुलाल की मांग करते हैं. सीधे तौर पर लगभग 95 फीसदी ग्राहक ऑर्गेनिक गुलाल की डिमांड कर रहे हैं. ऐसे में इस बार होली का त्योहार काफी अच्छा होने वाला है."
