महाराष्ट्र में भारी बारिश से तबाही, CM फडणवीस ने अधिकारी और जनता को दी ये सलाह

महाराष्ट्र में बारिश कहर बनकर टूटी है. पालघर में पिंजाल नदी पर वाडा और मालवाडा को जोड़ने वाले पुल का एक हिस्सा भारी बारिश के कारण रविवार की दोपहर में बह गया. पुणे में भारी बारिश के साथ ही जिला प्रशासन ने एक एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने को कहा है. वहीं सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मौसम विभाग की चेतावनी के चलते सोमवार को मुंबई, पालघर, ठाणे, रायगढ़ जिलों में स्कूलों और कॉलेजों के लिए छुट्टी घोषित करने का ऐलान कर दिया है.

सीएम फडणवीस ने मुम्बई महानगरीय क्षेत्र के सभी सरकारी और अर्ध सरकारी कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी पर देर से रिपोर्ट करने की मंजूरी भी दे दी है. सीएम ने ट्वीट कर लोगों से अपील करते हुए कहा है कि सरकार लोगों से घर पर सुरक्षित रहने की अपील भी करती है. अगर बाहर जाना जरूरी नहीं है तो घर पर सुरक्षित रहें. इसके साथ ही सभी आपातकालीन सेवाएं हमेशा की ही तरह कार्य करेंगी.
सरकार ने एनडीआरएफ की और टीमें मांगीं

महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई और पास के जिलों में भारी बारिश के कारण बने हालात से निपटने के लिए रविवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के छह और दलों की मांग की. मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में बताया कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और उसका आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ पूरी तरह तैयार है. सीएमओ ने कहा, ‘राज्य सरकार एनडीआरएफ, थल सेना, नौसेना और अन्य एजेंसियों के संपर्क में है.’

ठाणे जिले में फंसे 35 लोगों को हेलीकॉप्टर से निकाला

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के एक गांव में फंसे 35 लोगों को निकालने के लिए भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के एक हेलीकॉप्टर को भेजा गया है. ठाणे के रेजिडेन्ट उप-कलेक्टर शिवाजी पाटिल ने बताया कि कल्याण तालुका के खदावली के पास जू-नंदखुरी गांव में सुबह 10 बजे से लोग अपने घरों में फंस गए. उनके घरों में पानी भर गया. रक्षा अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के अनुरोध पर 35 लोगों को निकालने के लिए आईएएफ ने सांताक्रूज (मुम्बई में) से एक एमआई17 हेलीकॉप्टर को भेजा गया. हेलिकॉप्टर के जरिए पानी में फंसे हुए लोगों को वहां से निकाल सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है. बता दें, मुंबई और उसके निकटवर्ती जिले ठाणे और पालघर में भी पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर बारिश जारी है.
 

Leave a Reply