सुर्खियां: अयोध्या पर अब सुपरफ़ास्ट सुनवाई, सेंगर ने पीड़िता के पिता को फंसाया

सुप्रीम कोर्ट की संविधान बेंच अयोध्या जमीन विवाद पर शुक्रवार को भी सुनवाई करेगी. परंपरा के मुताबिक, संविधान बेंच मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को ही सुनवाई करती रही है. अयोध्या विवाद की सुनवाई से जुड़ी इस बड़ी खबर को सभी अखबारों ने प्रमुखता से जगह दी है. एनबीटी लिखता है कोर्ट सोमवार और शुक्रवार को आमतौर पर नए केस सुनता है, लेकिन बेंच के इस फैसले से संभावना जताई जा रही है कि सुनवाई हफ्ते में 3 की जगह 5 दिन हो सकती है.
सेंगर ने पुलिस से मिलकर पीड़िता के पिता को फंसाया
अमर उजाला लिखता है उन्नाव रेप कांड की जांच कर रही सीबीआई ने गुरुवार को कोर्ट में दावा किया कि पीड़िता के पिता को अवैध हथियार रखने के मामले में जानबूझकर फंसाया गया था. पुलिस से मिलीभगत कर आरोपियों ने उससे हथियार की बरामदगी करवाई थी. सीबीआई ने तीस हजारी कोर्ट में कहा कि विधायक कुलदीप सिंह सेंगर व पुलिस के बीच मोबाइल पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है.
