शिवसेना और बीजेपी के बाद अब सड़क पर आई एनसीपी

मुंबई । इन दिनों महाराष्ट्र की सियासत में राजनीतिक यात्राओं का दौर चलन में है। इस क्रम में पहले आदित्य ठाकरे ने पूरे महाराष्ट्र में 4000 किलोमीटर की यात्रा शुरू की। जिस पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यात्रा के समाप्त होने से पहले ही 4500 किलोमीटर की यात्रा शुरू कर दी। वहीं, अब इन दोनों यात्राओं के बढ़ते प्रभाव को देख एनसीपी भी अपने वोट बैंक को बचाने की कवायत में लग गई है। इस सिलसिले में एनसीपी की इस यात्रा में शरद पवार समेत एनसीपी के सभी बड़े नेता अलग-अलग हिस्सों में दौरा करेंगे। एनसीपी की कोशिश है कि बीजेपी और शिवसेना की यात्राओं से अपने घर को बचाए रखा जाए। इसलिए एनसीपी ने पूरे महाराष्ट्र भर दौरा करने के जगह केवल पश्चिम महाराष्ट्र और मराठवाड़ा को ही चुना है। वहीं यात्रा के पीछे का एजेंडा विकास नहीं, बल्कि सूखा रखा गया है। बता दें कि पर्याप्त बारिश न होने की वजह से महाराष्ट्र में करीब 13 जिलों में सूखा है। जानकारी के अनुसार सीएम देवेंद्र फडणवीस खानदेश और उसके बाद पश्चिम महाराष्ट्र से होते हुए कोंकण तक जाएंगे। इस दौरान देवेंद्र फडणवीस करीब 152 विधानसभाओं में घूमेंगे और साथ ही साथ कई रैलियां और रोड शो करेंगे।
