बम बनाने की कथित पर्ची मिलने से मचा हड़कंप, अयोध्या में पुलिस और खुफिया एजेंसियां जांच में जुटीं

अयोध्या| उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पैरामेडिकल प्रथम वर्ष के एक छात्र के पास से बम निर्माण से जुड़ी गुप्त जानकारी और विधि लिखी हुई एक पर्ची बरामद होने के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली अयोध्या पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और आरोपी छात्र को अपनी हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी है। इस पूरे मामले की गंभीरता और सुक्षागत पहलुओं को देखते हुए विभिन्न खुफिया एजेंसियों को भी जांच में शामिल कर लिया गया है।
लैब में ड्यूटी के दौरान सामने आया मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बलरामपुर जिले का रहने वाला एक मुस्लिम छात्र इस मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल पाठ्यक्रम की पढ़ाई कर रहा है। बीती शुक्रवार की रात कॉलेज की लैब में उसकी ड्यूटी थी। इसी दौरान उसके पास से एक संदिग्ध पर्ची बरामद हुई, जिसमें कथित तौर पर बम बनाने का तरीका, उसका आकार और उसकी विस्फोटक तीव्रता से संबंधित विवरण लिखा हुआ था। कॉलेज परिसर में पर्ची मिलने की भनक लगते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और बिना किसी देरी के इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस और खुफिया एजेंसियां कर रही हैं हर पहलू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और संबंधित छात्र को हिरासत में लेकर थाने ले आई, जहाँ उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही, छात्र के पास से मिली उस पर्ची की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच कराई जा रही है ताकि यह पता चल सके कि इसे लिखने का वास्तविक उद्देश्य क्या था और क्या इस छात्र का किसी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध है अथवा नहीं।
अयोध्या के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) आशुतोष तिवारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस पूरे प्रकरण की हर संभावित पहलू से बेहद बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जाँच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इस मामले में पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। जरूरत पड़ने पर देश की अन्य केंद्रीय व राज्य स्तर की जांच एजेंसियों की भी सहायता ली जाएगी। फिलहाल, स्थानीय पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की सत्यता की पुष्टि करने में पूरी ताकत से जुटी हुई है।
