शादी के बाद 16वीं मंजिल से गिरकर कामिनी की मौत, नौकरी छोड़ने से जुड़ी कड़ी भी जांच के घेरे में

नोएडा: गौतम बुद्ध नगर के नोएडा सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में रविवार शाम एक दर्दनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां एक नवविवाहिता की 16वीं मंजिल से नीचे गिरने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरी सोसाइटी में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर भागे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान 24 वर्षीय कामिनी कुमारी के रूप में हुई है। वह सोसाइटी के लिली टावर की 16वीं मंजिल के एक फ्लैट में अपने पति मंथन धीमान के साथ किराए पर रह रही थी। दोनों की शादी को अभी महज एक महीना यानी करीब 11 जुलाई को ही हुआ था। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कामिनी संदिग्ध परिस्थितियों में 16वीं मंजिल से नीचे आ गिरी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। परिवार के लोग उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे बचाने में असमर्थता जताते हुए मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, और फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है।
कुछ समय पहले छोड़ी थी नौकरी, पति निजी कंपनी में है एडिटर
मूलरूप से एटा की रहने वाली कामिनी के पति मंथन धीमान देहरादून के निवासी हैं। दोनों ने 11 जुलाई को विवाह किया था और इसके बाद नोएडा की इस सोसाइटी में रहने लगे थे। कामिनी पहले एक बीपीओ में नौकरी करती थी, लेकिन कुछ वक्त पहले उसने वह जॉब छोड़ दी थी। वहीं, मंथन एक निजी कंपनी में वीडियो एडिटर के रूप में कार्यरत है। पुलिस पूछताछ में पति मंथन ने दावा किया है कि कामिनी पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन (अवसाद) में थी और उसका इलाज चल रहा था। हालांकि, जब पुलिस ने इलाज से जुड़े दस्तावेज और पर्चे मांगे, तो वह मौके पर कोई कागजात नहीं दिखा सका।
मायके पक्ष ने जताई साजिश की आशंका
घटना की खबर मिलते ही कामिनी के मायके के लोग भी नोएडा पहुंच गए। परिजनों ने पति पर दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित करने और साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मौत के पीछे की परिस्थितियां पूरी तरह संदिग्ध हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच होनी चाहिए। इस संबंध में एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
