ससुराल गये पूर्व बैंक मैनेजर के घर से लाखों की चोरी:खलबली

हाथरस । अब घर से ताला लगाकर कहीं जाना खतरे से खाली नहीं है और कल रक्षाबंधन के त्यौहार पर अपनी ससुराल गये रिटायर्ड बैंक मैनेजर के घर से बीती रात्रि को अज्ञात बदमाशों ने ताले चटका कर लाखों का माल व नगदी पार कर ले गये। घटना की खबर से पूरे क्षेत्र में भारी हडकम्प व खलबली मच गई है तथा घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस अधिकारी व डॉग स्क्वायर्ड टीम पहुंच गई तथा पुलिस ने घटना की बारीकी से जांच कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
बताया जाता है थाना हाथरस गेट क्षेत्र के नवल नगर निवासी धनीराम अग्रवाल पुत्र छीतरमल अग्रवाल कैनरा बैंक से सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर हैं तथा उनके घर पर वह व उनकी पत्नी ही रहते हैं जबकि उनके बच्चे बाहर रहते हैं तथा कल रात रक्षाबंधन के त्यौहार पर वह अपनी पत्नी के साथ अपनी ससुराल खैर (अलीगढ़) गये हुये थे और घर पर ताला लगा हुआ था। घर पर ताला लगा होने का अज्ञात चोरों ने फायदा उठाते हुये मौका पाकर बीती रात्रि को घर के ताले चटका कर प्रवेश पा लिया।
घर पर किसी के न होने पर अज्ञात चोरों ने घर को जमकर खंगाल डाला और घर में रखी गोदरेज अलमारी, सेफ आदि के ताले तोड़कर लाखों की कीमत के सोने-चांदी के जेबरात, नगदी आदि को पार कर ले गये। घटना की आज सुबह उस वक्त पता चली जब पडोसियों ने उनके घर में बन्दरों को घुसते व सामान ले जाते हुए देखा और पूर्व बैंक मैनेजर को फोन से सूचना दी। सूचना पाकर वह तत्काल वापस आ गये और घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
घटना की खबर से पूरे क्षेत्र में भारी हडकम्प व खलबली मच गई और सूचना पाकर सीओ सिटी रामशब्द यादव, थाना हाथरस गेट प्रभारी संजीव कुमार शर्मा पहुंच गये तथा पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वायर्ड टीम को भी बुला लिया और घटना की बारीकी से जांच पडताल की गई तथा मौके पर लोगों की भी भारी भीड लग गई। पुलिस अब चोरों की तलाश में जुट गई है।
बताते हैं चोर घर में से लाखों के जेबरात व नगदी ले गये हैं जबकि लोगों में 10 से 15 लाख का माल व नगदी चोरी कर ले गये जाने की चर्चायें हैं हालांकि अभी पीडित की ओर से पुलिस को अभी सामान व नगदी की लिस्ट नहीं दी गई है।
