भरतपुर निकाय चुनाव: ननद-भाभी की सीधी जंग, एक ही दिन भरा नामांकन

भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में आगामी नगर निकाय चुनाव में एक अनोखा मुकाबला देखने को मिल रहा है, जहां एक ही परिवार की ननद और भाभी ने एक-दूसरे के खिलाफ नामांकन दाखिल कर चुनावी रण में उतरने को तैयार है। यह दिलचस्प जंग वार्ड नंबर 61 में है, जो कि ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है। नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन, शनिवार को भरतपुर कलेक्ट्रेट परिसर में जबरदस्त चुनावी गहमागहमी के बीच यह मुकाबला सामने आया।
सुबह 10 बजे से ही पार्षद पद के दावेदार ढोल-नगाड़ों, डीजे और समर्थकों के भारी हुजूम के साथ अपना नामांकन दाखिल करने पहुंचे। तभी, ननद प्रिया सिंह और उनकी भाभी नीरज, दोनों ने ही पार्षद प्रत्याशी के रूप में अपना पर्चा भरा, जिससे पूरे क्षेत्र में पारिवारिक और राजनीतिक मुकाबला चर्चा का विषय बन गया है। दोनों प्रत्याशियों का कहना है कि वे पानी, बिजली, सड़क, सफाई और जलभराव जैसे स्थानीय मुद्दों को हल करने के वादे के साथ मैदान में उतरी हैं।
इस बीच, भाजपा और कांग्रेस जैसे प्रमुख राजनीतिक दलों ने अभी तक अपने अधिकृत उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है। इसके चलते कई संभावित दावेदार अपनी दावेदारी मजबूत रखने के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन कर रहे हैं, जिससे शुरुआती दौर में चुनावी तस्वीर कुछ अस्पष्ट बनी हुई है। कलेक्ट्रेट पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। नामांकन कक्ष के भीतर भीड़ रोकने के लिए प्रत्याशी के साथ केवल पांच लोगों (प्रस्तावक और समर्थक) को ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
