पिता ने रेता आठ साल की बच्ची का गला फिर शव को खेत में दफनाया

बिहार के पूर्णिया (Purnia) से मानवीय रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां हैवानियत की सारी सीमाओं को लांघते हुए एक कलयुगी पिता (Father) ने अपनी मासूम बेटी (Minor Girl) की गला रेतकर हत्या कर दी. जिस शख्स पर हत्या (Murder) का आरोप लगा है वो बच्ची का सौतेला पिता बताया जाता है. उसने मासूम बेटी की गला रेतकर हत्या करने के बाद शव को छिपा दिया और फरार हो गया.

खेत से मिला बच्ची का शव

मामला पूर्णिया के अमौर थाना के छतरभोग गांव का है जहां बच्ची का शव खेत से बरामद हुआ. बच्ची की हत्या महज इसलिए कर दी गई क्योंकि वो सौतेली बेटी थी. आरोप है कि बच्ची के सौतेले पिता हसन ने ही गला रेतकर तलत बानो की बेरहमी से हत्या कर दी फिर कुछ लोगों के सहयोग से उसे घर से थोडी दूर पाट के खेत में फेंक दिया. बच्ची के नाना मोहम्मद हासिम ने कहा कि तालत बानो 16 अगस्त से ही लापता थी. वो अपनी मां से मिलने उसके घर गई थी लेकिन वहां उसके सौतेले पिता हसन ने धारदार हथियार से गला रेतकर तलत की बेरहमी से हत्या कर दी.

मां को हुआ शक तो खुली पोल

जब बच्ची की मां हिना परवीन को शक हुआ तो उसने अपने मायके वालों को ये बात बताई. जब मायके वालों ने कड़ी पूछताछ की तो हसन नें अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. हसन ने दो साल पहले ही हिना परवीन को झांसा में लेकर उससे निकाह किया. जिससे एक बेटी हुई है. तलत पहले पिता की बेटी है. वो हमेशा नाना के पास ही रहती थी.

आरोपी फरार
बच्ची के मामा मतीउर रहमान ने कहा कि हसन उनके भाई और पिता ने मिलकर बच्ची की हत्या कर दी औऱ उसके शव को पाट के खेत में छिपा दिया. उन्होंने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है. मामले की जांच के लिए पहुंचे अमौर थाना प्रभारी विजय कुमार यादव ने बताया कि बच्ची के सौतेले पिता समेत उनके परिजनों पर ही बच्ची की हत्या कर शव को छिपाने का आरोप है. इस घटना के बाद से ही सभी आरोपी फरार हो गये हैं. जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जायेगी.
 

Leave a Reply