‘एक लाख पद खाली हैं तो भर्ती कम क्यों?’ राहुल गांधी ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र

भोपाल: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-2 और वर्ग-3 के पदों की संख्या बढ़ाने की जोरशोर से मांग की है। 29 सितंबर 2026 को लिखे गए इस पत्र में उन्होंने राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों का गंभीर मुद्दा उठाया है, जिसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।

इंदौर में अभ्यर्थियों से मुलाकात के बाद लिखा पत्र

राहुल गांधी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि हाल ही में इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर वर्ग-2 और वर्ग-3 की भर्ती में पदवृद्धि की मांग उठाई थी। अभ्यर्थियों का कहना है कि मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहले से ही एक लाख से अधिक शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं, जिसके कारण शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।

कम पदों पर भर्ती को लेकर जताई चिंता

नेता प्रतिपक्ष ने इस बात पर गहरी चिंता व्यक्त की है कि भारी संख्या में पद खाली होने के बावजूद शिक्षक भर्ती-2025 के तहत केवल सीमित पदों पर ही विज्ञापन निकाला गया है:

  • वर्ग-3: केवल 13,089 पदों पर भर्ती

  • वर्ग-2: केवल 10,800 पदों पर भर्ती

राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि बेरोजगार युवाओं और छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इन दोनों वर्गों में रिक्त पदों की संख्या में तत्काल बढ़ोतरी की जाए, ताकि युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें और स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर हो सके।

Leave a Reply