गर्भवती गाय की हत्या के बाद प्रशासन सख्त, जेसीबी से ढहाया मीट दुकान का अवैध निर्माण

दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह शहर में एक गर्भवती गाय की हत्या की घटना के बाद उपजे आक्रोश के बाद पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध मीट की दुकानों और अतिक्रमण के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के सख्त निर्देशों के बाद रविवार को पुलिस, नगर पालिका और खाद्य विभाग की संयुक्त टीमों ने शहर के कई संवेदनशील इलाकों में ताबड़तोड़ जांच और ध्वस्तीकरण अभियान चलाया।
किल्लाई नाका में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
प्रशासनिक अमला जब किल्लाई नाका क्षेत्र में अतिक्रमण कर संचालित की जा रही एक अवैध मीट दुकान पर पहुंचा, तो मौके पर मौजूद दुकानदार और घर की महिलाओं ने हाथ जोड़कर अधिकारियों से कुछ मोहलत देने की गुहार लगाई और खुद ही अतिक्रमण हटाने की बात कही। हालांकि, प्रशासन ने नरमी न बरतते हुए नगर पालिका के बुलडोजर (जेसीबी) की मदद से अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा रही।
लाइसेंस और गुणवत्ता की जांच, कई दुकानें बंद
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने किल्लाई नाका के अलावा नूरी नगर, कसाई मंडी, गढ़ी मोहल्ला और चमन तिगड्डा क्षेत्र में अंडा, मांस और मछली की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
दुकानदारों से फूड लाइसेंस और अन्य वैध दस्तावेजों की मांग की गई।
जिन दुकानों के पास आवश्यक लाइसेंस या कागजात नहीं मिले, उन्हें प्रशासनिक निर्देश पर तुरंत बंद करा दिया गया।
प्रशासन की ओर से सभी दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि बिना वैध लाइसेंस के मांस का विक्रय न किया जाए और केवल नगर पालिका द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही दुकानें संचालित की जाएं।
हिंदू संगठनों के बंद और प्रदर्शन के बाद एक्शन
गौरतलब है कि शहर में एक गर्भवती गाय की निर्मम हत्या की घटना सामने आने के बाद शनिवार को विभिन्न हिंदू संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए दमोह शहर बंद का आह्वान किया था। करीब तीन घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के दौरान दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और अवैध मीट दुकानों को तुरंत बंद कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई थी। प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ था, जिसके अगले ही दिन प्रशासन ने संयुक्त टीम बनाकर यह बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
