रोहित को शामिल नहीं करने पर भड़के सहवाग और प्रशंसक

एंटिगा । टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के लिए सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को शामिल नहीं करने पर नाराजगी जतायी है। सहवाग ने रोहित को अंतिम ग्यारह में जगह नहीं करने के प्रबंधन और चयनकर्ताओं के पफैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि रोहित का टेस्ट में रिकॉर्ड इतना खराब नहीं है कि उसे जगह नहीं दी जा सके। उसे अभी तक प्रर्याप्त अवसर ही नहीं दिये गये हैं। अगर उसे लगातार टेस्ट खेलने का मौका मिला होता तो उसका प्रदर्शन एकदिवसीय की तरह ही यहां भी बेहतर रहता।
कप्तान विराट कोहली ने रोहित शर्मा की जगह युवा हनुमा विहारी को प्राथमिकता दी है। भारतीय कप्तान के इस फैसले से प्रशंसक भी काफी नाराज लग रहे हैं। विश्व कप 2019 सेमीफाइनल में हार के बाद से ही रोहित और विराट के बीच आपसी मतभेद की खबरें सामने आई थीं। रोहित के प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर कप्तान कोहली और कोच रवि शास्त्री को जमकर ट्रोल किया।
रोहित को अंतिम ग्यारह में न देख निराश प्रशंसकों ने ट्विटर पर अपना गुस्सा निकाला है। एक यूजर ने लिखा इस खिलाड़ी को आप बेंच पर बिठाने के लिए नहीं ले जा सकते हो बीसीसीआई अंकल, शास्त्री काका आप भी सोच लो।
