शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता पर दिया जोर, पासी कल्याण समिति की बैठक संपन्न

फतेहपुर। हसवा ब्लॉक के असवा गांव में बुधवार को पासी कल्याण समिति की बैठक अध्यक्ष वासुदेव पासी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन समिति के महासचिव प्रदीप पासवान ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम असवा-बक्सपुर के प्रधान सुरेश चंद्र रैदास और वासुदेव पासी ने महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया। बैठक में वक्ताओं ने समाज के लोगों को शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। रवि प्रताप ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने की अपील की। समिति के उपाध्यक्ष संतोष और रमेश चंद्र ने महापुरुषों के इतिहास एवं उनके संघर्षों की जानकारी दी। कोषाध्यक्ष रामदीन ने शिक्षा से होने वाले लाभ बताए, जबकि उपसचिव शिवराम ने लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया। अन्य वक्ताओं ने भी सामाजिक एकता और समाज के उत्थान को लेकर अपने विचार रखे। इस मौके पर सुरेंद्र, जितेंद्र, ब्रजेश, किशुनपाल, रामअवतार, बड़कू, दिनेश, उमेश, जयभीम, श्रीनाथ, संतोष, वीरेंद्र और प्रहलाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
