इजरायल के पीएम नेतन्याहू ने किया एकजुट होने का आह्वान

तेलअवीव। इजरायल की सत्ता से बेदखल होने की कगार पर खड़े कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अभी भी हार नहीं मानी है। राष्ट्रपति इसाक हर्जोग द्वारा उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी और विपक्षी नेता गादी आइजेनकोट को नई सरकार बनाने का औपचारिक न्योता दिए जाने के बावजूद, नेतन्याहू ने एक बार फिर अपने नेतृत्व में गठबंधन सरकार बनाने की उम्मीद जताई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इजरायल मुश्किल वक्त में एकजुट होना जानता है। इसके साथ ही, उन्होंने देश के नागरिकों और विपक्षी राजनीतिक दलों को अरब पार्टियों के साथ किसी भी संभावित गठजोड़ को लेकर गंभीर चेतावनी भी दी है।

राष्ट्रीय एकता सरकार की वकालत और नरम रुख

बुधवार को मीडिया से संवाद करते हुए बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी गठबंधन सरकार बनने की संभावनाओं पर भरोसा व्यक्त किया। एक दिन पहले ही इजरायली संसद (नेसेट) में विपक्षी दलों के खिलाफ बेहद आक्रामक रुख अपनाने वाले नेतन्याहू के तेवर बुधवार को कुछ नरम नजर आए। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले उन्होंने यह स्पष्ट किया था कि देश के लिए राष्ट्रीय एकता सरकार क्यों जरूरी है और अब वे यह बताना चाहते हैं कि यह किस प्रकार संभव है।

सबसे लंबे समय तक इजरायल के प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने वाले नेतन्याहू ने कहा कि यहूदी राष्ट्र ने कठिन परिस्थितियों में एकजुट होने की अपनी क्षमता को बार-बार सिद्ध किया है और आज देश एक बार फिर उसी निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। युद्धकाल के दौरान देश की कैबिनेट में सभी विचारधाराओं के प्रतिनिधियों के एक साथ आने का हवाला देते हुए उन्होंने याद दिलाया कि कैसे धार्मिक और धर्मनिरपेक्ष, तथा वामपंथी और दक्षिणपंथी धड़ों ने कंधे से कंधा मिलाकर एक साथ संघर्ष किया था।

आइजेनकोट के समर्थक दलों से अपील और अरब पार्टियों पर निशाना

लगातार राष्ट्रीय एकता सरकार की पैरवी कर रहे नेतन्याहू के पास फिलहाल बहुमत का आंकड़ा नहीं है, जिसके चलते मौजूदा सियासी समीकरणों में अरब पार्टियां किंगमेकर की भूमिका में आ गई हैं। इसके बावजूद नेतन्याहू को विश्वास है कि वे संभावित सहयोगियों को अपने पक्ष में करने में सफल रहेंगे और इसके लिए वे लगातार संपर्क साध रहे हैं। देश के सामने मौजूद बड़ी चुनौतियों और अवसरों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे वे सभी जानकारियां सार्वजनिक नहीं कर सकते जो उनके पास हैं, लेकिन कई जिम्मेदार लोग इस बात को भली-भांति समझते हैं कि राष्ट्र के समक्ष कितनी बड़ी चुनौतियां और अवसर मौजूद हैं।

नेतन्याहू की यह अपील ऐसे समय में आई है जब विपक्षी नेता गादी आइजेनकोट के नेतृत्व में अगली सरकार बनने की संभावनाएं अधिक प्रबल मानी जा रही हैं। बुधवार को नेतन्याहू ने आइजेनकोट का समर्थन कर रहे दलों से एक बार फिर अपने साथ आने का आह्वान किया। वहीं, शुरुआत से ही अरब दलों के खिलाफ मुखर रहे नेतन्याहू ने अपनी चेतावनी को दोहराते हुए इन दलों को आतंकवाद का समर्थक करार दिया और आगाह किया कि उनके समर्थन से बनने वाली कोई भी व्यवस्था इजरायल के भविष्य के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकती है।

Leave a Reply