कारोबारी के इकलौते बेटे की छठी मंजिल से गिरने से मौत…..महिला मित्र से मिलने गया था

कानपुर। उत्तरप्रदेश के कारोबारी शहर कानपुर के बिठूर में एक 22 वर्षीय युवक संभव खंडेलवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रुद्रा ग्रीन अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरने के बाद उसका शव नीचे मिला। संभव, शहर के प्रतिष्ठित कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल का इकलौता बेटा था, जो अपनी एक महिला मित्र से मिलने उसके फ्लैट पर आया था। घटना के बाद दोनों परिवारों के दावों में विरोधाभास सामने आया है, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं।
आरके नगर निवासी संभव अपने पिता के गुरु पेपर हाउस नामक कागज कारोबार में सहयोग करता था। परिवार के अनुसार, संभव शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। करीब डेढ़ घंटे बाद उसके मोबाइल से परिवार को सूचना मिली कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया है और अस्पताल ले जाया गया है। परिजन जब अस्पताल पहुंचे, तब डॉक्टर संभव को मृत घोषित कर चुके थे।
अपार्टमेंट के टावर-2 में छठी मंजिल पर रहने वाली लड़की के मामा ने बताया कि संभव और उनकी भांजी के बीच दोस्ती थी और वह पहले भी मेरी भांजी से मिलने आता था। घटना के समय घर में मामा, भांजी और भांजा मौजूद थे। उनके दावे के अनुसार, संभव और छोटा बच्चा फ्लैट में बॉल से खेल रहे थे, तभी गेंद बालकनी की तरफ चली गई। गेंद को लेने के लिए संभव आगे बढ़ा और दिवाली के दौरान बालकनी के पास गिरे दीयों के तेल पर पैर फिसलने से संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह नीचे गिर गया।
हालांकि, संभव के परिवार ने दावे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने संभव के दाहिने पैर पर रगड़ के निशान और कमर, पीठ व हाथ पर खरोंचें देखकर मारपीट की आशंका जाहिर की है। परिवार ने आरोप लगाया कि संभव के मोबाइल फोन से लड़की के साथ हुई बातचीत का डेटा डिलीट किया गया है। परिजनों के मुताबिक, दोपहर करीब दो बजे लड़की की ओर से संभव को आखिरी मैसेज डॉट कम भेजा गया था, जो पूरी घटना को और संदिग्ध बनाता है। परिवार का आरोप है कि संभव को अपार्टमेंट से धक्का दिया गया था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने फ्लैट और घटनास्थल की गहन जांच कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके और रहस्य पर से पर्दा उठ सके।
