इजरायल के पास 90 परमाणु बम, बना रहा न्यूक्लियर पनडुब्बियां….लेकिन अमेरिका चुप्प

तेलअवीव। ताजा रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल के पास करीब 90 परमाणु हथियार हैं और 2021 के बाद से उसकी परमाणु वॉरहेड की संख्या में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। हालांकि, सैटेलाइट तस्वीरों और खुफिया आकलन से पता चलता है कि इजरायल इन परमाणु हथियारों की डिलीवरी के लिए नए कैरियर सिस्टम, जैसे फाइटर जेट्स और सीक्रेट न्यूक्लियर पनडुब्बियों पर तेजी से काम कर रहा है। यह जानकारी एक रिपोर्ट में सामने आई है। सवाल यह उठता है कि जिस अमेरिका ने ईरान को परमाणु बम बनाने के आरोप में प्रतिबंधों से जकड़ दिया, वहीं इजरायल के परमाणु कार्यक्रम पर चुप्पी क्यों साधे हुए है?
रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल के परमाणु हथियारों के बारे में जानकारी जुटाना अत्यंत मुश्किल रहा है, क्योंकि वह न परमाणु हथियार होने की बात कबूल करता है और न ही इस बात से इंकार करता है। इस नीति को परमाणु अस्पष्टता कहा जाता है। 1986 में, पूर्व न्यूक्लियर साइंटिस्ट ने इंटरव्यू देकर इजरायल के परमाणु कार्यक्रम का खुलासा किया था, जिसके बाद उन्हें अगवा कर 18 सालों तक जेल में रखा गया। कई इजरायली अधिकारियों ने अतीत में विरोधाभासी बयान दिए है, जहां प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि इजरायल मध्य पूर्व में पहला परमाणु हथियार वाला देश नहीं होगा, वहीं पूर्व राष्ट्रपति एफ्राइम कात्ज़िर और रक्षा मंत्री मोशे दयान ने संकेत दिया था कि उनके पास बहुत कम समय में इन्हें तैयार करने की क्षमता है। पूर्व प्रधानमंत्री शिमोन पेरेस ने कहा था कि धोखा देना जरूरी हो सकता है यदि यह जान बचाने के लिए हो।
अमेरिका ने इजरायल के परमाणु कार्यक्रम पर दशकों तक पर्दा डालने में मदद की है। अमेरिका का दावा है कि उन्हें इजरायल के नेगेव न्यूक्लियर रिसर्च सेंटर के बारे में एक दशक तक पता नहीं था, जबकि इसका निर्माण 1958 में शुरू हुआ था। इजरायल ने अमेरिका को बताया था कि यह भवन आम लोगों के लिए और टेक्सटाइल फैक्ट्री के लिए बन रहे हैं। 1991 में खोजी पत्रकार की किताब द सैमसन ऑप्शन ने इस धोखे का खुलासा किया था। कई विशेषज्ञ मानते हैं कि अमेरिका ने जानबूझकर इस पर आंखें बंद रखीं। 1979 में, अमेरिका के सर्विलांस सैटेलाइट वेला 6911 ने हिंद महासागर के दक्षिणी हिस्से में एक परमाणु परीक्षण की दोहरी चमक देखी थी, लेकिन अमेरिकी अधिकारियों ने इजरायल के साथ किसी राजनयिक टकराव से बचने के लिए इसकी ज्यादा जांच नहीं की।
अब इस दशकों पुरानी चुप्पी पर सवाल उठ रहे हैं। टेक्सास के जोकिन कास्त्रो के नेतृत्व में डेमोक्रेटिक पार्टी के 30 सांसदों ने अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन को चिट्ठी लिखी है, जिसमें इजरायल के परमाणु हथियारों पर चुप्पी तोड़ने की मांग की गई है। सांसदों ने लिखा है, हम एक इसतरह के देश के साथ मिलकर लड़ रहे हैं जिसके संभावित परमाणु कार्यक्रम को आधिकारिक तौर पर अमेरिकी सरकारें स्वीकार ही नहीं करती हैं। हालांकि, अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने जवाब में कहा कि इस बारे में इजरायल सरकार से संपर्क करना चाहिए। वहीं, 3 जून को हाउस फॉरेन अफेयर्स कमिटी की सुनवाई के दौरान सीनेटर मार्को रुबियो ने कहा था कि अगर हम खुलकर बात करें तब पूरी दुनिया मानती है कि उनके पास परमाणु हथियार हैं, लेकिन उन्होंने सार्वजनिक तौर पर इसे कभी स्वीकार नहीं किया है और हमारी विदेश नीति के तहत कई वजहों से हम इसपर चर्चा नहीं करते हैं।

Leave a Reply