कंपनियां कर रही 6 नई और अपडेटेड एमपीवी पेश करने की तैयारी

नई दिल्ली। भारतीय कार बाजार में एमपीवी सेगमेंट की कारों की जबरदस्त मांग को देखते हुए, मारुति सुजुकी और टोयोटा कंपनी आगामी समय में 6 नई और अपडेटेड एमपीवी पेश करने की तैयारी में हैं। इनमें सबसे पहले मारुति सुजुकी इनविक्टो फेसलिफ्ट आ सकती है, जो टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस के अपडेटेड वर्जन पर आधारित होगी। 2027 की दूसरी छमाही में लॉन्च होने की उम्मीद है। इसमें नई ग्रिल, अपडेटेड बंपर, एलईडी लाइटिंग, बड़े अलॉय व्हील्स और केबिन में 12.3-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम तथा लेवल 2 अडास जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। इसमें मौजूदा 2.0-लीटर स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पेट्रोल इंजन ही रहने की संभावना है। इसके बाद मारुति सुजुकी एक्सएल6 फेसलिफ्ट भी 2027 में देखने को मिल सकती है, जिसके डिजाइन में इंडोनेशिया में दिखाई गई सुजुकी एक्सएल 7 से प्रेरणा ली जा सकती है। इसमें एक बड़ी ग्रिल और नए बंपर होंगे, जबकि इंजन में 1.5-लीटर माइल्ड-हाइब्रिड पेट्रोल इंजन और सीएनजी विकल्प जारी रहेगा। मारुति सुजुकी अपनी पहली इलेक्ट्रिक एमपीवी, जिसका कोडनेम वायएमसी इलेक्ट्रिक एमपीवी है, को 2027 की पहली छमाही में लॉन्च कर सकती है। यह लगभग 4.5 मीटर लंबी और 7-सीटर हो सकती है, जिसमें ई विटारा वाले 49केडब्ल्यूएच  और 61.1केडब्ल्यूएच  के बैटरी पैक दिए जा सकते हैं। इसी के आधार पर टोयोटा वायएमसी-आधारित इलेक्ट्रिक एमपीवी भी बाजार में आएगी, जिसे 2027 के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है।
इसमें टोयोटा के अनुसार कुछ डिजाइन बदलाव और मारुति के समान बैटरी पैक होंगे। मारुति सुजुकी अर्टिगा फेसलिफ्ट और टोयोटा रुमियन फेसलिफ्ट दोनों को 2027 में अपडेट मिल सकता है। अर्टिगा में नई ग्रिल, अपडेटेड एईडी हेडलैंप और एक बड़ा 10.25-इंच टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम मिल सकता है। रुमियन में भी अर्टिगा जैसे ही बदलाव होंगे, साथ ही सीएनजी वेरिएंट के लिए ज्यादा बूट स्पेस और दूसरी पंक्ति की सीटों के लिए अधिक आराम पर ध्यान दिया जा सकता है। इन आगामी मॉडलों में इलेक्ट्रिक एमपीवी के साथ-साथ मौजूदा लोकप्रिय मॉडलों के फेसलिफ्ट संस्करण भी शामिल होंगे, जो ग्राहकों को विभिन्न सेगमेंट में आधुनिक विकल्प प्रदान करेंगे।

Leave a Reply