रामपुर: मकानों के फर्जी आवंटन पत्र बांटने में बुरे फंसे सपा सांसद आज़म खान

रामपुर से समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के सांसद आज़म खान (Azam Khan) की मुश्किलें खत्म नहीं हो रही हैं. उन पर रविवार को मकानों का फर्जी आवंटन पत्र बांटने का आरोप लगा है. इस मामले में पीड़ितों ने डीएम आंजनेय कुमार सिंह से मुलाकात करके आज़म खान के खिलाफ शिकायत की है. मामला सामने आने के बाद डीएम ने जांच के आदेश दे दिए हैं. बताया जा रहा है कि वर्ष 2016 में सपा सांसद आज़म खान ने कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के अंतर्गत सपा कार्यालय से मकानों के आवंटन पत्र बांटे थे. सरकारी ऑफिस में इन मकानों के आवंटन का कोई रिकॉर्ड नहीं है.

बता दें कि शुक्रवार को उनके खिलाफ रामपुर के शहर कोतवाली में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया था. पुलिस के मुताबिक, सपा सांसद आज़म खान और पूर्व सीओ आले हसन सहित छह लोगों पर केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने बन्ने और शाकिर की शिकायत पर आज़म खान के खिलाफ धारा 452, 427, 448, 389,395, 504, 506, 323 और 120B के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है.

पुलिस के सूत्र बताते हैं कि आज़म खान पर अब तक कुल 67 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं. जाकिर अली का कहना है कि इन्होंने (आरोपियों) घर में घुसकर तोड़फोड़ की, गालियां दीं, मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी तक दे डाली. इससे पहले 28 मुकदमे जौहर यूनिवर्सिटी के लिए जमीन कब्जाने के आरोप में अजीम नगर थाने में दर्ज हुए हैं, जबकि 11 मुकदमे गंज थाने में लोगों के घर तोड़ने और लूटपाट करने के आरोप में दर्ज कराए गए हैं.

पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. अजय पाल शर्मा का कहना है कि घटना पुरानी है. पड़ताल के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. पूर्व सीओ सिटी आले हसन खान के खिलाफ भी अब तक 65 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं.

Leave a Reply