एक उंगली से खींची 220 टन की नाव

जॉर्जिया। दुनियाभर में हर कोई ताकतवर बनना चाहता है और इसके लिए कई लोग जिम में पसीना बहाना चाहते हैं। मगर, असली ताकत कुछ ही लोगों के पास होती है, जिसे देखकर दुनिया दांतों तले उंगली दबा ले। जॉर्जिया के रहने वाले 29 साल के गियोर्गी रोस्तोमशविली ने भी ऐसा ही कारनामा किया है, जिसे देखने वाले को अपनी आंखों पर भरोसा ही नहीं हो रहा था। उन्होंने सिर्फ एक उंगली से ही करीब 16 फीट की लंबी 220 टन का पानी का जहाज खींचकर हर किसी को चौंका दिया। यूरोन्यूज ने यू-ट्यूब पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें दिखाया गया कि गियोर्गी ने अपनी बीच की एक अंगुली से एक रस्सी को पकड़कर बोट को खींच लिया है। वहां मौजूद लोग उनकी ताकत को देखकर हैरान हो गए। उन्होंने खुद को फिसलने से रोकने के लिए लोहे की एक सीढ़ी का इस्तेमाल किया था। इसमें अपने पैरों को फंसाकर वह शिप को अपनी तरफ खींच रहे थे। कुछ आउटलेट्स ने बताया कि वीडियो संपादित किया गया है और इसमें गियोर्गी की कोशिश को पूरी तरह से नहीं दिखाया गया था। इसलिए इस रिकॉर्ड की सत्यता के बारे में कुछ संदेह हैं।
