ट्रंप ने चीन के सामान पर लगाया अतिरिक्त शुल्क

वाशिंगटन । अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध लगातार तेज होता दिख रहा है। रविवार को ट्रंप द्वारा लगाया गया 125 अरब डॉलर के चीनी सामानों के आयात पर 15 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क प्रभावी हो गया है। इसके अलावा चीन ने अमेरिका के कच्चे तेल पर 5 फीसदी अतिरिक्त शुल्क लगाया है। एक साल से चल रहे इस व्यापार युद्ध में पहली बार ऐसा हुआ है जब क्रूड पर भी अतिरिक्त शुल्क लगाया गया है। अमेरिका अब चीन के कई सामानों पर 15 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लेगा। इनमें स्मार्ट स्पीकर, ब्लूटूथ हेडफोन और कई तरह के फुटवेअर शामिल हैं। इससे अमेरिका में कुछ कपड़े, जूते, खेल सामान और अन्य उपभोक्ता सामान महंगे हो सकते हैं। इस शुल्क बढ़ोत्तरी के बाद अमेरिका में चीन से आयात किए जाने वाला लगभग दो तिहाई उपभोक्ता सामान अब महंगा हो जाएगा। इससे पहले अमेरिका ने जब भी चीन से आयात पर शुल्क बढ़ाने की कार्रवाई की तो उपभोक्ता सामान को छोड़ दिया था। इस बढ़ोत्तरी के बाद अधिकतर खुदरा सामानों की कीमतें बढ़ सकती हैं।
