सिर्फ भाजपा में ही आतंरिक लोकतंत्र, यही हमारी ताकतः राकेश सिंह 

भोपाल। देश में अनेक राजनैतिक दल है, लेकिन सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही ऐसा राजनैतिक दल है, जिसमें आंतरिक लोकतंत्र है। हम व्यक्ति आधारित और व्यक्ति पूजा करने वाली पार्टी नहीं हैं और यही कारण है कि मात्र 11 लोगों से शुरू हुई पार्टी आज 18 करोड़ सदस्यों तक जा पहुंची है। आज भारत भाजपा की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहा है तो इसका कारण हमारी विचारधारा और हमारा आंतरिक लोकतंत्र है। संगठन चुनाव भाजपा के इसी आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करता है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने संगठन चुनाव की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में कही।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में मंगलवार को संगठन चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान, उपाध्यक्ष प्रभात झा, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय सह निर्वाचन अधिकारी एवं सांसद विनोद सोनकर, केन्द्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, राष्ट्रीय मंत्री श्रीमती ज्योति धुर्वे, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण जटिया एवं नंदकुमारसिंह चौहान मंचासीन थे। 
प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने आगामी समय के लिए केन्द्र से निर्धारित कार्यक्रम एवं प्रदेश स्तर पर होने वाले आंदोलनों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि संगठन चुनाव के साथ कार्यक्रमों एवं आंदोलनों के लिए हमें तैयार रहना है। श्री सिंह ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 14 से 20 सितंबर के बीच सेवा सप्ताह मनाया जायेगा। जिसमें पार्टी के सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, जनप्रतिनिधिगण एवं पार्टी के पदाधिकारी, मेडीकल कैंप, रक्तदान शिविर, एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 
– देश बनाने का दायित्व भाजपा पर : शिवराजसिंह चौहान
पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश ने सदस्यता अभियान में 51 लाख से अधिक सदस्य बनाकर एक बार फिर कीर्तिमान स्थापित किया है। आज भाजपा के 18 करोड़ सदस्य हैं। दुनिया में केवल 7 ऐसे देश हैं, जिनकी जनसंख्या भाजपा की सदस्य संख्या से अधिक है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के दौरान कश्मीर से कन्याकुमारी तक और कच्छ से कामरूप तथा पूर्वान्चल के राज्यों में भी अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला है। कश्मीर घाटी के निवासी अल्पसंख्यक भाई भी बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़े है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना जिन उद्देश्यों को लेकर हुई थी वह उद्देश्य आज पूरे हुए है। डॉ. श्यामप्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल जी के काम को अटलजी, राजमाता जी, कुशाभाऊ ठाकरे जी जैसे मनीषियों ने आगे बढ़ाया, उसे पूरा करने का काम नरेन्द्र मोदी ओर अमित शाह कर रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं देश बनाने के लिए जनता को अपने साथ जोड़ रही है।

Leave a Reply