ऐशबाग स्टेडियम, पुरानी बावड़ियों, मोहरों एवं स्तम्भ का होगा सौंदर्यीकरण

भोपाल। नगर निगम आयुक्त विजय दत्ता ने प्रात:कालीन भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था, कचरे का पृथक्कीकरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ ही ऐतिहासिक महत्व के ऐशबाग स्टेडियम, बाग उमराव दूल्हा स्थित बावड़ियों एवं स्तम्भ तथा शाहजहानाबाद स्थित मोहरों के सौंदर्यीकरण हेतु कार्यवाही करने के निर्देश दिए साथ ही वार्ड क्र. 40 में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित नोडल अधिकारी, प्रभारी सहायक स्वस्थ्य अधिकारी एवं वार्ड दरोगा को कारण बताओ नोटिस जारी करने हेतु निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान अपर आयुक्त रणबीर कुमार, जोन अधिकारी राजेन्द्र श्रीवास्तव, अवधनारायण मकोरिया, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी इतेदार रसूल व जे.एस.तोमर सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
शहर की साफ-सफाई व्यवस्था सहित अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित कराने के दृष्टिगत निगम आयुक्त विजय दत्ता ने मंगलवार को रॉयल मार्केट, परि बाजार, शाहजहानाबाद, तीन मोहरे, इब्राहिमपुरा, बुधवारा, चिकलोद रोड, पुल बोगदा, ऐशबाग स्टेडियम, बाग उमराव दूल्हा आदि क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था सहित अन्य कार्यों का निरीक्षण किया।निगम आयुक्त ने राजधानी के ऐतिहासिक ऐशबाग स्टेडियम का निरीक्षण किया एवं यहां हॉकी का अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से भी चर्चा की तथा स्टेडियम का लेक्स आदि लगाकर सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए निगम आयुक्त दत्ता ने जोन क्र. 11 के अंतर्गत वार्ड क्र. 40 में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने, कचरे का पृथक्कीकरण विशेषकर खतरनाक अपशिष्ट कचरे को पृथक न रखने पर नाराजगी व्यक्त की और जोन क्र. 11 के नोडल अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी जयपाल सिंह तोमर एवं जोन क्र. 40 के दरोगा दीपक श्रवण को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
