पंजाब: गुरदासपुर की पटाखा फैक्ट्री में हुआ धमाका, 18 लोगों की मौत, 20 घायल

पंजाब के गुरदासपुर के बटाला में बुधवार को एक पटाखा फैक्ट्री में आग लग जाने के बाद जोरदार धमाका हुआ। इस घटना में अबतक 18 लोगों की मौत हो गई है जबकि तकरीबन 20 लोग घायल हैं। आशंका जताई जा रही है कि अभी भी मलबे में कुछ लोग फंसे हुए हैं। धमाके की सूचना मिलने के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
एनबीटी ऑनलाइन ने बटाला एसएचओ मुख्तियार सिंह से बात की। घटना के कुछ देर बाद उन्होंने बताया, 'यह घटना तकरीबन शाम को 4 बजे घटित हुई। हादसे में अबतक 17 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 15 से 20 लोग जख्मी हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। रेस्क्यू टीम मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश कर रही है। कुछ लोग अभी भी मलबे के नीचे दबे हुए हैं।' हालांकि, ताजा जानकारी के मुताबिक मृतकों की संख्या बढ़कर 18 पहुंच गई है।
बचाव कार्य में जुटी हैं टीमें
आग लगने के बाद लोगों ने दमकल विभाग को इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद आनन-फानन टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की टीम लगातार आग पर काबू पाने की कोशिशों में जुटी हुई हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आसपास धुआं होने की वजह से बचाव कार्य में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
कैप्टन अमरिंदर ने जताया दुख
सूत्रों का कहना है कि 5 सितंबर को एक शादी कार्यक्रम का आयोजन था, जिसके लिए फैक्ट्री में पटाखे तैयार किए जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। भीषण धमाके के बाद जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस घटना के बाद शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, 'डीसी और एसएसपी के नेतृत्व में बचाव अभियान चलाया जा रहा है।'
सांसद सनी देओल ने किया ट्वीट
उधर, गुरदासपुर से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद सनी देओल ने भी घटना को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, 'बटाला फैक्ट्री में हुए धमाके की खबर सुनकर दुखी हूं। बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीमें और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच चुका है।'
