अखिलेश के रामपुर आने से बिगड़ेगा माहौल, यूपी कांग्रेस ने राज्यपाल और CM योगी को लिखा पत्र

रामपुर. समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने आज़म खान के मामले में अब खुद कमान संभाल ली है. वह 9 सितंबर को रामपुर जाएंगे. इसी कड़ी में रामपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व सीएम अखिलेश यादव का विरोध शुरू कर दिया. यूपी कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मुतिउर्रहमान बब्लू ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर अखिलेश यादव को रामपुर आने से रोकने की अपील की है. कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मुतिउर्रहमान ने कहा कि अखिलेश यादव के रामपुर आने से माहौल बिगड़ सकता है. उन्होंने आज़म खान पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पूरी राजनीति साम्प्रदायिक रही है. कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष के मुताबिक, आज़म षडयंत्र करके अखिलेश यादव को बुला रहे हैं.
ये रहा शेड्यूल
जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव 9 सितम्बर को 4 बजे पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस आएंगे. यहींं पर वह रात्रि विश्राम करेंगे. अगले दिन का कार्यक्रम यहीं निर्धारित होगा. बता दें कि पिछले दिनों लंबे समय के बाद मुलायम सिंह यादव ने आज़म खान के समर्थन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी कार्यकर्ताओं से इस मामले में संघर्ष करने का आह्वान किया था.
9 अगस्त को भी घेराव का किया था आह्वानवैसे आज़म खान के खिलाफ रामपुर जिला प्रशासन की तरफ से की जा रही कार्रवाई के खिलाफ अखिलेश यादव ने बीते 9 अगस्त को रामपुर में जिला प्रशासन को घेरने का आह्वान किया था. उन्होंने आसपास के सभी जिलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं को रामपुर कूच करने का फरमान जारी किया था, लेकिन प्रशासन की मुस्तैदी के आगे सपा का यह शक्ति प्रदर्शन फ्लॉप शो साबित हुआ. इसकी वजह खुद अखिलेश यादव का इस प्रदर्शन से दूरी को माना गया. अखिलेश ही नहीं सपा के तमाम बड़े नेता रामपुर नहीं पहुंचे और नेतृत्वहीन सपा कार्यकर्ता छिटपुट प्रदर्शन में सिमट कर रह गए.
चंदा मांगकर आज़म खान ने बनवाई यूनिवर्सिटी: मुलायम
इससे पहले सपा संरक्षक ने कहा था कि आज़म खान ने बहुत मेहनत से जौहर यूनिवर्सिटी बनाई है. उन्होंने भीख मांगकर, देश-विदेश से चंदा लेकर और अपनी सारी पूंजी लगाकर बहुत अच्छी यूनिवर्सिटी बनाई है. लेकिन, महज दो बीघे जमीन के लिए उनपर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. आज़म खान पढ़े-लिखे और एक गरीब परिवार के जमीन से जुड़े हुए नेता हैं. आज उन्हें परेशान किया जा रहा है, उन्हें जालिम तक कहा गया.आजम खान पर 80 मुकदमे हो चुके हैं दर्ज
आज़म खान पर कार्रवाई लगातार जारी है. अब तक उन पर कुल 80 केस दर्ज हो चुके हैं. इनमें चोरी, जमीन कब्जाने, डकैती समेत कई धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं.
