आर्टिकल-370: बीजेपी ने शुरू किया जनसंपर्क अभियान, जेपी नड्डा पहुंचे जयपुर

जयपुर. जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) से अनुच्छेद- 370 और 35-ए (Article-370 and 35-A) को हटाने के बाद बीजेपी (BJP) ने जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है. अजमेर के पुष्कर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के सम्मेलन के बाद राजधानी जयपुर (Jaipur) में बीजेपी राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष जे. पी. नड्डा (J. P. Nadda) ने मंगलवार को अनुच्छेद-370 हटाने के मामले में जनसमर्थन हासिल करने के लिए संपर्क अभियान शुरू किया. नड्डा ने राजस्थान में संपर्क अभियान की शुरुआत सेना के रिटायर्ड जनरल विशंभर सिंह के घर से की.
जेपी. नड्डा पहुंचे सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी के घर
नड्डा मंगलवार को सेवानिवृत्त जनरल विशंभर सिंह के जयपुर में वैशाली नगर स्थित आवास पर पहुंचे. उन्होंने सेवानिवृत्त जनरल विशंभर सिंह को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंटकर संपर्क शुरु किया. विशंभर सिंह से मुलाकात के दौरान नड्डा ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद-370 को वहां की जनता और प्रदेश के विकास में सबसे बड़ी बाधा बताया. उन्होंने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में सेना के अधिकारियों ने लंबे समय तक सुरक्षा व्यवस्था के साथ साथ वहां के लोगों की परिस्थतिथियों को नजदीक से देखा है. ऐसे में बीजेपी जम्मू-कश्मीर के लोगों के कल्याण के साथ साथ कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रिटायर्ड अधिकारियों से संपर्क अभियान चला रही है.
ये नेता भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर सेना के कई रिटायर्ड अधिकारियों के साथ साथ प्रदेश बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष अशोक परनामी, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, विधायक सतीश पूनिया, अरुण चतुर्वेदी, पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता, बीजेपी नेता विमल कटियार और पूर्व महापौर निर्मल नाहटा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. इस दौरान वहां मौजूद अन्य सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों का भी सम्मान किया गया.
