करनालः छात्रा का अपहरण कर किया दुष्कर्म, सिर में गहरी चोट मारकर की हत्या

करनाल के एक गांव की रहने वाली छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा के पिता ने गांव के ही कुछ युवकों पर अपहरण, दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता की शिकायत पर पानीपत के थाना सेक्टर-13/17 में विभिन्न धाराओं में गांव के ही 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसके बाद पानीपत पुलिस ने इस मामले को सदर पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है। सदर थाना पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में छात्रा के पिता ने बताया कि उसकी बेटी करनाल के एक कॉलेज में पढ़ने जाती थी। 29 अगस्त को भी वह सुबह 7 बजे घर से कॉलेज के लिए निकली थी। दोपहर को एक बजे गांव के ही युवक के फोन से जानकारी मिली कि उसकी बेटी कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में दाखिल है। फोन करने वाला युवक भी गांव का था।

उसने कहा कि डॉक्टर ने सीटी स्कैन के लिए कहा है। जब वह अस्पताल पहुंचे तो उसने सीटी स्कैन की रसीद दे दी। उनकी बेटी उस समय बेहोश थी। जब उस युवक से पूछा की उसकी बेटी को क्या हुआ है और यहां कौन लेकर आया है। तो उसने बताया आपकी बेटी को पानीपत से लाया उसके साथ गांव का ही एक और युवक था, जिनका पानीपत में एक्सीडेंट हुआ है। इसके बाद डॉक्टरों ने उसकी बेटी को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। 8 सितंबर की रात को पीजीआई में उसकी बेटी ने दम तोड़ दिया।

छात्रा के पिता का कहना है कि उसे शक है कि उसकी बेटी का अपहरण किया गया है। उसके साथ रेप कर उसको प्रताड़ित किया गया, जब उसने विरोध किया होगा तो उसके सिर में गहरी चोट मारी गई है। पिता ने बताया कि आरोपी उसकी बेटी के साथ पहले भी बदतमीजी और दुर्व्यवहार करते थे। उसकी बेटी को ब्लैकमेल करने के लिए अश्लील वीडियो और फोटो भी खींचे थे। उसकी बेटी की मौत के लिए ये लोग जिम्मेदार हैं।

पानीपत के सेक्टर-13/17 थाना में शून्य एफआईआर दर्ज की गई है। उनके पास अभी मामला आया है। इस मामले की जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply